राहुल गांधी का आरोप: 'SIR के जरिए बिहार चुनाव चुराने की साजिश' – सासाराम से ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की शुरुआत
आज रविवार से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर बिहार के सासाराम से ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की शुरुआत कर दी है। इस यात्रा के कार्यक्रम में महागठबंधन के नेताओं का भी जुटान हुआ।
सासाराम (आरएनआई) राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव जीतने के चार महीने बाद बीजेपी महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव जीत जाती है। जबकि ओपिनियन पोल हमारे पक्ष में था। हालांकि जब हमने इसकी गहराई से पड़ताल की तो पता चला कि विधानसभा चुनाव से पहले हर विधानसभा क्षेत्र में लाखों वोटर जोड़े गए, जिसकी बदौलत भाजपा चुनाव जीत गई। अब यही कारनामा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एसआइआर के जरिए बिहार में किया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि आखिर भाजपा हर चुनाव कैसे जीत जाती है?
उन्होंने कहा कि एसआइआर के माध्यम से जो वोट चोरी की जा रही है, उसे हम पूरे बिहार की जनता को दिखाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान और मताधिकार को बचाने की लड़ाई है। हम गरीबों के वोट की चोरी नहीं होने देंगे।
'मतदाता अधिकार यात्रा' कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं इस मंच से आपको बता रहा हूं कि पूरे देश में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव चुराए जा रहे हैं। उनकी ताजा साजिश बिहार में SIR कराने और बिहार के चुनाव भी चुराने की है। हम सब इस मंच पर आपको यह बताने आए हैं कि हम उन्हें यह चुनाव नहीं चुराने देंगे।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश जानता है कि चुनाव आयोग क्या कर रहा है। पहले देश को पता नहीं था कि वोट कैसे चुराए जा रहे हैं। लेकिन हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कर दिया कि वोट कैसे चोरी किए जा रहे हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कार्यक्रम में कहा कि मुझे पता है कि पीएम मोदी सही मायने में जातिगत जनगणना नहीं करवाने जा रहे हैं, लेकिन इंडिया ब्लॉक देश में सही मायने में जातिगत जनगणना सुनिश्चित करेगा। हम वोट चोरी को खत्म करेंगे और SIR की सच्चाई को उजागर करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि लालू जी, डॉक्टर की सलाह के बावजूद यहां आने के लिए आपका तहे दिल से शुक्रिया।
सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सबसे पहले राहुल गांधी को बिहार से वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत करने के लिए धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के गरीब से गरीब और ताकतवर से ताकतवर व्यक्ति को भी एक वोट देने का अधिकार दिया है, लेकिन भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से इस अधिकार को छीनना चाहती है। चुनाव आयोग यह जान ले कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और महागठबंधन लोकतंत्र को समाप्त नहीं होने देगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोग भले गरीब हैं, लेकिन गांव का बच्चा-बच्चा तीखी मिर्च है। उन्होंने बिहार सरकार पर अपनी घोषणाओं को चुराने का भी आरोप लगाया और कहा कि हम ऐसी सरकार देंगे कि बिहार से बेरोजगारी खत्म हो, उद्योग धंधे लगे, चिकित्सा व्यवस्था अच्छी हो, पूरा बिहार शिक्षित बने और कानून का राज हो।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने उन लोगों को अपने घर बुलाया, जिन्हें चुनाव आयोग ने मृत घोषित कर दिया था और उनके साथ चाय पी। उन्होंने कहा कि आपका वोट सिर्फ चुराया नहीं जा रहा है, इसे लूटा जा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



