राजद नेता इसराइल मंसूरी को सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

Nov 23, 2025 - 09:43
 0  54
राजद नेता इसराइल मंसूरी को सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

मुजफ्फरपुर (आरएनआई)। बिहार सरकार में पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता मोहम्मद इसराइल मंसूरी को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। धमकी में उन्हें “एनकाउंटर करा देने” की बात कही गई, जिसके बाद उन्होंने मुजफ्फरपुर के सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व मंत्री इसराइल मंसूरी ने आवेदन में बताया कि 14 नवंबर को मतगणना के दिन घर लौटते समय उनकी गाड़ी को घेरने और हमला करने की कोशिश की गई थी, लेकिन स्थिति बिगड़ने से बचाने के लिए उन्होंने उस समय मामले को शांत कर दिया था। इसके बाद 19 नवंबर को फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक वीडियो पर अभद्र टिप्पणियों के साथ जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वे बेहद चिंतित और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

मंसूरी ने बताया कि दो दिन पहले उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। इसी वीडियो पर कुछ लोगों ने उन्हें एनकाउंटर कराने की धमकी दी। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ अनजान लोग उनके कार्यक्रमों, घर और क्षेत्र में संदिग्ध रूप से उनकी गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सदर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अस्मित कुमार के निर्देशन में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई ब्रजेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने धमकी वाले फेसबुक कमेंट का लिंक प्राप्त कर लिया है और उसके आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले में ठोस कार्रवाई होगी और दोषियों को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.