यूपी विधानमंडल का शीतकालीन सत्र शुरू, सीएम योगी बोले— सरकार वंदे मातरम सहित हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार

Dec 19, 2025 - 12:30
 0  243
यूपी विधानमंडल का शीतकालीन सत्र शुरू, सीएम योगी बोले— सरकार वंदे मातरम सहित हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार

लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही की शुरुआत शोक प्रस्ताव से हुई, जिसमें नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित सभी दलों के प्रमुख नेताओं ने दिवंगत समाजवादी पार्टी विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और समाज के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

सत्र की शुरुआत से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार सदन में हर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ पर विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। इसी दिन उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस भी मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों से भी सकारात्मक चर्चा के लिए अनुरोध किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने स्पष्ट किया कि सरकार सदन में उठने वाले हर सवाल का जवाब देने को तैयार है और लोकतांत्रिक परंपराओं के तहत सार्थक बहस का स्वागत करती है। उन्होंने विपक्ष से भी सहयोग की अपील की, ताकि सत्र सुचारु रूप से चल सके और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी चर्चा हो।

वहीं सत्र के पहले दिन ही विपक्ष के तेवर तीखे नजर आए। समाजवादी पार्टी सहित अन्य विपक्षी दल कोडीन कफ सिरप की कथित तस्करी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर हंगामा कर सकते हैं। इसके साथ ही सदन में प्रस्तावित वंदे मातरम पर चर्चा को लेकर भी विरोध के आसार जताए जा रहे हैं।

सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कफ सिरप कांड को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में हजारों करोड़ रुपये का गबन हुआ है और जहरीली कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत तक हुई है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार ऐसे मामलों में बुलडोजर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे।

शीतकालीन सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के संकेत मिल रहे हैं, वहीं सरकार ने साफ कर दिया है कि वह हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.