मुंगावली में ‘आपका घर हमारी जिम्मेदारी’ अभियान: दीपावली पर पुलिस ने घरों की निगरानी कर भरोसा बढ़ाया
अशोकनगर (आरएनआई) दीपावली पर्व के अवसर पर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा प्रारंभ की गई विशेष जनहितैषी योजना “आपका घर हमारी जिम्मेदारी” का जिलेभर में प्रभावी रूप से क्रियान्वयन किया जा रहा है।
इस योजना के अंतर्गत वह नागरिक, जो दीपावली पर्व पर अपने घरों से बाहर गए हैं, उन्होंने प्रस्थान से पूर्व अपने संबंधित थाना में अपने घर का पता, मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर दर्ज कराया है। संबंधित थानों द्वारा इन पतों की जानकारी बीट प्रभारी, गश्त अधिकारी, चीता मोबाइल एवं गश्ती दलों को दी गई है, जो अपने निर्धारित गश्त कार्यक्रम के दौरान इन घरों की सतत निगरानी कर रहे हैं।
इन घरों की सुरक्षा की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करते हुए उनके घरों की फोटो प्रमाण संबंधित नागरिकों को उनके व्हाट्सएप नंबर पर भेजी जा रही हैं, ताकि वह अपने घर की सुरक्षा को लेकर निश्चिंत रहें और त्योहार का आनंद शांति एवं विश्वास के साथ ले सकें।
इस अभिनव प्रयास से नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अशोकनगर पुलिस ने दीपावली के अवसर पर उन्हें सुरक्षा और भरोसे का विशेष उपहार दिया है।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा बताया गया कि “यह योजना पुलिस और नागरिकों के बीच साझेदारी एवं विश्वास को मजबूत करने का एक सार्थक कदम है। पुलिस केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों की शांति, सुरक्षा और सुखद जीवन सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर है।” जिले के सभी थाना क्षेत्र में यह योजना निरंतर प्रभावी रूप से जारी है। बीट प्रभारी एवं गश्ती दलों को निर्देशित किया गया है कि वे ऐसे सभी घरों की निगरानी में विशेष सतर्कता बरतें, जो त्यौहार के दौरान बंद हैं, और नागरिकों को समय-समय पर उनके घर की सुरक्षा स्थिति की जानकारी साझा करें।
अशोकनगर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि यदि कोई भी व्यक्ति त्यौहार या यात्रा के दौरान अपने घर से बाहर जा रहा है तो वह अग्रिम रूप से अपने नजदीकी थाने को सूचना दे, ताकि पुलिस उनकी अनुपस्थिति में घर की सुरक्षा का जिम्मा संभाल सके। अशोकनगर पुलिस की ओर से जिले के सभी नागरिकों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं आनंदमय दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



