मां ने प्रेमी संग की मासूम बेटी की हत्या, 36 घंटे तक सड़ता रहा शव; लाश के सामने मनाई पार्टी

लखनऊ में एक खौफनाक और अंसेवदनशील घटना सामने आई है। यहां मां ने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी छह साल की बेटी को मार डाला। 

Jul 16, 2025 - 09:46
 0  324
मां ने प्रेमी संग की मासूम बेटी की हत्या, 36 घंटे तक सड़ता रहा शव; लाश के सामने मनाई पार्टी

लखनऊ (आरएनआई) कैसरबाग के खंदारी बाजार में रहने वाली रोशनी खान ने प्रेमी उदित जायसवाल के साथ मिलकर सोमवार की रात छह साल की बेटी सोना की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार रोशनी ने पति शाहरूख को फंसाने के लिए वारदात को अंजाम दिया। वह बेटी की हत्या में पति को जेल भिजवाना चाहती थी। पुलिस ने रोशनी और उदित को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक सोमवार देर रात करीब तीन बजे डायल 112 पर हत्या की सूचना मिली। रोशनी ने फोन कर बताया कि उनके पति ने बेटी सोना की हत्या कर दी है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जाकर छानबीन की। जिस कमरे में सोना का शव मिला, वहां साक्ष्य संकलन कर सील कर दिया गया। रोशनी की तहरीर पर शाहरूख के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोशनी की उसके पति से पिछले दो साल से अनबन है। रोशनी प्रेमी के साथ लिवइन में रह रही थी। सोमवार रात में शाहरूख बेटी से मिलने आया था। इसी दौरान पति पत्नी में विवाद हो गया। रोशनी से झगड़े के बाद शाहरूख वहां से चला गया था। पुलिस ने शाहरूख से पूछताछ की और उसकी लोकेशन निकलवाई। शाहरूख ने पुलिस रात का घटनाक्रम बताया। शक होने पर पुलिस ने रोशनी और उदित से बारी-बारी से पूछताछ की।

सोना की हत्या रविवार को ही कर दी गई थी। रोशनी बेटी की हत्या के बाद प्रेमी के साथ उसी घर में रही। दोनों ने शव के सामने ही पार्टी भी की। इसके बाद शाहरूख को फंसाने की साजिश रचते रहे। शाहरूख जब सोमवार रात बेटी से मिलने पहुंचा तो रोशनी से झगड़े के कारण वापस चला गया। इसके बाद रोशनी ने हत्या की सूचना पुलिस को दे दी।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे में तेज दुर्गंध आ रही थी। शव में कीड़े पड़ चुके थे। रोशनी ने जब रात में शाहरूख पर हत्या का आरोप लगाया तो पुलिस को शक हुआ। शव की हालत देखकर यह कहीं से नहीं लग रहा था कि हत्या चंद घंटे पहले की गई हो। यही वजह है कि पुलिस ने रोशनी को केस दर्ज कराने के लिए थाने चलने के लिए कहा।

प्रेमी उदित को भी थाने ले जाया गया। शुरू में रोशनी पुलिस को गुमराह करती रही। उधर, उदित से पुलिस ने पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने हत्या की कहानी बयां कर दी। आरोपी ने बताया कि उन्होंने रविवार को ही सोना की हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई है कि हत्या के 36 घंटे बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई थी। डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। शव के सड़ जाने के कारण विसरा सुरक्षित रखा गया है। सोना के गले, नाक, मुंह और सीने पर चोट के निशान मिले हैं।

पूछताछ के दौरान रोशनी लगातार अपने बयान बदलती रही। इससे उसपर शक गहरा गया। पुलिस ने सख्ती की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उदित और रोशनी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्र का कहना है कि दोनों से पूछताछ जारी है। साक्ष्यों के आधार पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस की पूछताछ में रोशनी ने बताया कि वह शाहरूख को जेल भिजवाना चाहती थी। इसके लिए उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।

शाहरूख की मुलाकात रोशनी से समिट बिल्डिंग में पार्टी के दौरान हुई थी। इसी बीच दोनों करीब आ गए थे और 10 साल पहले शादी कर ली थी। शादी के बाद से दोनों में अक्सर विवाद होता था। रोशनी को डांस का शौक था और वह अक्सर क्लबों में डांस करने जाती थी। रोशनी को डांसर के नाम से भी लोग जानते थे। क्लब जाने के दौरान ही रोशनी का संपर्क उदित से हो गया था। इसके बाद से उसका शाहरूख से विवाद बढ़ता गया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.