मथुरा में 100 करोड़ के बैंक घोटाले का वांछित आरोपी गिरफ्तार, गिरफ्तारी से बचने को नौवीं मंजिल से कूदने की दी धमकी
मथुरा (आरएनआई) पंजाब में 100 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में वांछित एक आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान एसबीआई सादिक शाखा के बैंक क्लर्क अमित ढींगरा के रूप में हुई है, जिसे पंजाब पुलिस ने बुधवार सुबह मथुरा की हाइवे स्थित राधा वैली कॉलोनी से दबिश देकर पकड़ा।
गिरफ्तारी के दौरान अमित ढींगरा नौवीं मंजिल की खिड़की पर जा लटका और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। मौके पर अग्निशमन दल को बुलाया गया और लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को सुरक्षित पकड़ा गया। बाद में पंजाब पुलिस उसे हिरासत में लेकर वापस ले गई।
क्या है पूरा मामला?
पंजाब के फरीदकोट जिले में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (सादिक शाखा) के उप प्रबंधक शशांक शेखर अरोड़ा ने शिकायत दी थी कि बैंक के कृषि ऋण और फिक्स्ड डिपॉजिट खातों से अनधिकृत रूप से बड़ी रकम निकाली गई है।
जांच के दौरान सामने आया कि:
बूटा सिंह (गांव कौनी) के खाते से ₹4.70 लाख की धोखाधड़ी हुई।
अमरीक सिंह (गांव ढिलवा) के खाते से ₹4.85 लाख निकाल लिए गए।
इसके अलावा, कई अन्य खातों में भी वित्तीय गड़बड़ी और हेराफेरी की गई थी। खाता धारकों ने बैंक क्लर्क अमित ढींगरा पर आरोप लगाया है, जिसके बाद उस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
गिरफ्तारी का नाटकीय दृश्य
बुधवार को जैसे ही पंजाब पुलिस ने मथुरा के राधा वैली कॉलोनी में दबिश दी, आरोपी अमित ने पुलिस को देखकर खुद को नौवीं मंजिल की खिड़की पर लटका लिया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। आनन-फानन में पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस उसे लेकर रवाना हो गई।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



