“भू-माफिया से मुक्ति दो या इच्छामृत्यु” — जमीन बचाने के लिए सहरिया जनजाति का आंदोलन तेज
गुना (आरएनआई) शहरी तहसील क्षेत्र के जगनपुर में जमीन को लेकर सहरिया जनजाति का संघर्ष अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। वर्षों से जिस जमीन पर सहरिया परिवार काबिज हैं, उसी को लेकर उन्हें बेदखल करने की कोशिशों का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि सहरिया जनजाति के लोगों ने “भू-माफिया से मुक्ति दो या इच्छामृत्यु दो” जैसे नारे के साथ आंदोलन तेज कर दिया है।
सहरिया परिवारों का कहना है कि कुछ दबंग लोग जमीन पर अपना दावा जता रहे हैं और रजिस्ट्री के आधार पर मालिकाना हक बताने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि भू-राजस्व संहिता के तहत अनुसूचित जनजाति वर्ग की जमीन बिना कलेक्टर की अनुमति के न तो खरीदी जा सकती है और न ही बेची जा सकती है। पीड़ितों का आरोप है कि जिन रजिस्ट्रियों का हवाला दिया जा रहा है, वे कूटरचित दस्तावेजों की श्रेणी में आती हैं।
जमीन से बेदखली की आशंका और लगातार दबाव के चलते सहरिया जनजाति के लोग आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं। इसी क्रम में आज पीड़ित परिवारों ने जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब प्रशासन के रुख पर पूरे मामले की दिशा तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



