भयंकर कोहरे की चपेट में उत्तर भारत, उड़ान सेवाएं प्रभावित, सरकार और एयरलाइंस की यात्रियों को सलाह

Dec 19, 2025 - 12:28
 0  189
भयंकर कोहरे की चपेट में उत्तर भारत, उड़ान सेवाएं प्रभावित, सरकार और एयरलाइंस की यात्रियों को सलाह

नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर भारत में शुक्रवार सुबह कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही, जिसका सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ा। कोहरे और धुंध के कारण दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हवाई अड्डों से उड़ानों के संचालन में देरी और व्यवधान देखने को मिला है। स्थिति को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि कोहरे और खराब मौसम की वजह से देश के विभिन्न हिस्सों में उड़ान सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। मंत्रालय ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहें और उड़ान से जुड़े ताजा अपडेट लेते रहें। साथ ही यह भी कहा गया है कि यात्रियों को हवाई यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लग सकता है, इसलिए वे पहले से योजना बनाकर चलें।

इंडिगो एयरलाइन ने भी कोहरे को लेकर यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी में इंडिगो ने बताया कि दिल्ली और उत्तर भारत में सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता कम हो गई है और उड़ान सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। सुबह यात्रा करने वाले यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले फ्लाइट का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के चलते कैट-3 श्रेणी के तहत उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। इस श्रेणी में उड़ानों के संचालन के लिए पायलटों को विशेष प्रशिक्षण और अत्याधुनिक उपकरणों की आवश्यकता होती है, ताकि बेहद कम दृश्यता में भी सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके। दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने बयान जारी कर बताया है कि कोहरे के कारण उड़ानों पर असर पड़ा है और फिलहाल कैट-3 परिस्थितियों में संचालन किया जा रहा है। एयरपोर्ट की ग्राउंड टीमें समन्वय के साथ स्थिति को संभालने में जुटी हैं।

कोहरे के साथ-साथ राजधानी में वायु गुणवत्ता भी बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 387 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक सुबह सात बजे अलीपुर में एक्यूआई 306, आनंद विहार में 442, अशोक विहार में 392, आया नगर में 397, बवाना में 384, बुराड़ी में 313 और चांदनी चौक इलाके में 390 दर्ज किया गया। घने कोहरे और प्रदूषण के इस दोहरे असर ने राजधानी और आसपास के इलाकों में लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.