बस–टैंकर की भीषण टक्कर, उमराह के लिए गए 45 भारतीयों की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख
सऊदी अरब (आरएनआई)। सऊदी अरब में हुए एक भयावह सड़क हादसे ने भारत, विशेषकर तेलंगाना में गहरा शोक फैला दिया है। उमराह यात्रा पर गए भारतीयों से भरी एक बस के तेल के टैंकर से टकरा जाने के बाद 45 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश हैदराबाद के निवासी थे। हैदराबाद पुलिस आयुक्त ने हादसे में 45 भारतीयों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार बस मक्का से मदीना की ओर जा रही थी, तभी मदीना के निकट मुहरास या मुफरिआत क्षेत्र में स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 1:30 बजे बस एक डीजल टैंकर से टकरा गई। तेज टक्कर के बाद बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और ज्यादातर यात्रियों को बचने का अवसर भी नहीं मिला। हादसा इतना गंभीर था कि कई शवों की पहचान करना कठिन हो गया है। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
हैदराबाद पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने बताया कि 9 नवंबर को हैदराबाद से 54 लोग उमराह के लिए जेद्दा गए थे। इनमें से 46 लोग हादसे का शिकार बनी बस में सवार थे। चार लोग कार से यात्रा कर रहे थे और चार अन्य मक्का में ही रुके हुए थे। बस में सवार 46 यात्रियों में से केवल एक व्यक्ति जीवित बच पाया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। शेष 45 लोगों की मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हैदराबाद पुलिस, स्थानीय प्रशासन और पीड़ित परिवारों के बीच लगातार संपर्क जारी है। एआईएमआईएम विधायक माजिद हुसैन ने भी कहा कि शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक 40 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और उनकी टीम लगातार पीड़ित परिवारों को सहायता और जानकारी उपलब्ध करा रही है।
हैदराबाद से सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से अपील की है कि मृत भारतीयों के शवों को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए। उन्होंने बताया कि वे स्थानीय ट्रैवल एजेंसियों के संपर्क में हैं और पीड़ितों की सूची तथा पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि “मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुए हादसे से अत्यंत व्यथित हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह का महावाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं और सऊदी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।”
यह हादसा हाल के वर्षों में सऊदी अरब में भारतीयों से जुड़ी सबसे बड़ी दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है। भारत और सऊदी अरब दोनों देशों के अधिकारी राहत और पहचान प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



