यूक्रेन ने नहीं माना शांति समझौता तो सैन्य रास्ते से पूरे होंगे लक्ष्य: ट्रंप-जेलेंस्की बैठक से पहले पुतिन की चेतावनी

Dec 28, 2025 - 11:21
 0  135
यूक्रेन ने नहीं माना शांति समझौता तो सैन्य रास्ते से पूरे होंगे लक्ष्य: ट्रंप-जेलेंस्की बैठक से पहले पुतिन की चेतावनी

मॉस्को (आरएनआई)। फ्लोरिडा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की अहम बैठक से पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को सख्त चेतावनी दी है। पुतिन ने कहा है कि यदि शांति वार्ता के जरिए समाधान नहीं निकलता तो रूस अपने “विशेष सैन्य अभियान” के सभी लक्ष्य सैन्य ताकत के बल पर हासिल करेगा।

रूसी सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक पुतिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन की मौजूदा सरकार शांति समझौते को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि कीव के नेता इस संघर्ष को शांतिपूर्ण तरीके से खत्म करने में रुचि नहीं ले रहे और यह बात वह पहले भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं। पुतिन ने दोहराया कि अगर बातचीत से हल नहीं निकला, तो रूस के पास अपने तय उद्देश्यों को पूरा करने के लिए सैन्य रास्ता ही बचेगा।

पुतिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस ने यूक्रेन पर हमले और तेज कर दिए हैं। हाल ही में रूस ने कीव और आसपास के इलाकों पर सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलें दागीं, जिससे भारी नुकसान हुआ और कई लोग घायल हुए। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इन हमलों को यह संकेत बताया कि रूस युद्ध खत्म करने के मूड में नहीं है।

इस बीच क्रेमलिन ने यह भी जानकारी दी है कि पुतिन ने एक रूसी सैन्य कमांड पोस्ट का दौरा किया, जहां उन्हें सेना प्रमुख और वरिष्ठ कमांडरों ने जमीनी हालात से अवगत कराया। रूसी अधिकारियों का दावा है कि उनकी सेना ने डोनेट्स्क और जापोरिजिया क्षेत्रों में कुछ नए इलाकों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।

ऐसे माहौल में रविवार को फ्लोरिडा में होने वाली ट्रंप-जेलेंस्की बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। इस बातचीत में यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के संभावित रास्तों, सुरक्षा गारंटी और विवादित क्षेत्रों को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है। पूरी दुनिया की नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या इस बैठक से करीब चार साल से जारी इस युद्ध को रोकने की दिशा में कोई ठोस पहल निकल पाएगी या नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.