प्रदेश में बदलता मौसम: कई जिलों में आज रहेंगे बादल, कोहरा बढ़ाएगा सर्दी का असर
लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में धूप-छांव वाला मौसम देखने को मिला। कुछ हिस्सों — विशेष रूप से दक्षिण-पूर्वी यूपी, बुंदेलखंड और झांसी क्षेत्र — में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से आसमान साफ होने लगेगा, लेकिन कोहरा और गिरता तापमान ठंड के एहसास को और गहरा करेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार सुबह पूर्वांचल और तराई के जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों में रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि दिन के अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मंगलवार को बाराबंकी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कानपुर, इटावा और मुजफ्फरनगर में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे चला गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार से प्रदेश में सक्रिय विक्षोभ का असर समाप्त हो जाएगा। इसके बाद रातों में पारा लगातार नीचे जाएगा, जबकि दिन में हल्की धूप बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि तराई और पूर्वांचल क्षेत्रों में तड़के सुबह कोहरा और धुंध का असर दिखेगा, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
राजधानी लखनऊ में भी बढ़ेगा कोहरा और ठंड का असर
लखनऊ में मंगलवार को दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही रही, हालांकि दोपहर तक अच्छी धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से विक्षोभ का असर कम होगा, लेकिन आने वाले दिनों में रात का पारा 3 से 4 डिग्री तक गिरने के संकेत हैं।
मंगलवार को राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार की तुलना में 1.2 डिग्री कम था।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सुबह-शाम कोहरा और ठंडी हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जिससे सर्दी की शुरुआत औपचारिक रूप से महसूस की जा सकेगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



