पुतिन की भारत यात्रा को लेकर बढ़ी हलचल, पूर्व विदेश सचिव बोले– नए क्षेत्रों में बढ़ेगा सहयोग
नई दिल्ली (आरएनआई)। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे और शनिवार को आयोजित होने वाले 23वें भारत–रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब वैश्विक राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। इसलिए पुतिन की यात्रा को केवल औपचारिक नहीं, बल्कि भारत–रूस संबंधों के नए दौर की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
पूर्व राजनयिक राजीव भाटिया ने कहा कि यूक्रेन युद्ध, भारत–अमेरिका संबंधों में तनाव और जी-20 के बाद यह पुतिन की बेहद महत्वपूर्ण यात्रा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने के साथ आर्थिक सहयोग को भी नई दिशा दी जाएगी।
भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि रूस हर मुश्किल समय में भारत के साथ रहा है। उन्होंने कहा, “पुतिन प्रधानमंत्री मोदी के मित्र हैं। भारत और मोदी के मित्र का स्वागत करने के लिए दिल्ली पूरी तरह तैयार है।”
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने उम्मीद जताई कि इस यात्रा से व्यापारिक सहयोग में बड़ा इजाफा होगा और दोनों देशों को लाभ मिलेगा। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को आधारहीन बताया।
पूर्व विदेश सचिव और राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला ने इस यात्रा को व्यापक संभावनाओं वाला बताते हुए कहा कि बातचीत अब रक्षा और ऊर्जा जैसे पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि पुतिन के साथ रक्षा मंत्री, वित्त मंत्री और रूस के केंद्रीय बैंक की गवर्नर सहित सात वरिष्ठ मंत्री आ रहे हैं। यह दर्शाता है कि आर्थिक और तकनीकी क्षेत्रों में बड़े कदम उठाए जाने की तैयारी है।
श्रृंगला ने बताया कि इस यात्रा में भारतीय निर्यात को बढ़ावा देने, कृषि व समुद्री उत्पादों, इंजीनियरिंग सामग्रियों, आईटी सेवाओं, दुर्लभ खनिजों, अंतरिक्ष तकनीक और रूस में यूरिया संयंत्र स्थापित करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
इसके साथ ही दोनों देशों के बीच रसद सहायता का पारस्परिक आदान-प्रदान (RELOS) समझौते पर भी बात होगी, जिसके तहत सैन्य अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए एक-दूसरे के बंदरगाहों और हवाई मार्गों का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी।
श्रृंगला ने कहा, “यह सहयोग का व्यापक कैनवस है और हमें पूरी उम्मीद है कि इससे सकारात्मक और ऊर्जावान परिणाम सामने आएंगे।”
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



