पहले चरण के मतदान से पहले तेजस्वी यादव का बड़ा वादा, महिलाओं को 30 हजार रुपये देने का एलान
पटना (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से दो दिन पहले राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने एक बार फिर वोटरों को लुभाने के लिए बड़ा एलान किया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि यदि महागठबंधन की सरकार बनती है तो “माई बहिन योजना” के तहत महिलाओं के खातों में एक साल की पूरी राशि यानी 30 हजार रुपये एकमुश्त भेजे जाएंगे।
तेजस्वी यादव ने घोषणा करते हुए कहा, “सरकार बनने के बाद 14 जनवरी को हमारी सरकार एक साल का पूरा पैसा माता-बहनों के खाते में भेज देगी।” उन्होंने यह भी दोहराया कि महागठबंधन की सरकार राज्य में महिलाओं, युवाओं और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई नई योजनाएं लागू करेगी।
राजद नेता ने कहा कि सरकार बनते ही जीविका समूहों की कम्युनिटी मोबिलाइजरों को स्थाई किया जाएगा और उन्हें हर महीने 30 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त देने का वादा किया गया है। तेजस्वी ने कहा कि अभी राज्य सरकार 55 पैसा प्रति यूनिट बिजली दर वसूलती है, लेकिन उनकी सरकार बनने के बाद सिंचाई के लिए बिजली पूरी तरह मुफ्त होगी।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि राज्य के 8463 पैक्स (Primary Agricultural Credit Societies) को जनप्रतिनिधि का दर्जा दिया जाएगा ताकि वे स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
जब तेजस्वी यादव से पूछा गया कि हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के लिए बजट कहां से आएगा, तो उन्होंने जवाब दिया कि उनकी टीम ने इस पर विशेषज्ञों से विचार-विमर्श किया है। उन्होंने कहा, “हमने एक्सपर्ट्स से विचार के बाद हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का एलान किया है। भाजपा वाले सवाल उठा रहे हैं, लेकिन जब हम इसे लागू करेंगे तो उन्हें भी यकीन हो जाएगा कि कुछ भी असंभव नहीं है।”
तेजस्वी ने अपने कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि महागठबंधन की पिछली सरकार के 17 महीनों के कार्यकाल में 5 लाख नौकरियां दी गईं और साढ़े तीन लाख नौकरियों की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उन्होंने इतने युवाओं को रोजगार दिया, तब भाजपा ने इस पर कोई सवाल नहीं उठाया।
पहले चरण के मतदान से ठीक पहले किए गए इन एलानों से स्पष्ट है कि तेजस्वी यादव महिलाओं और युवाओं को साधने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उनके ताजा वादों ने बिहार की चुनावी सियासत को और गरमा दिया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



