परगवाल से पकड़ा गया जैश आतंकी 10 दिन की रिमांड पर, बड़ी वारदात की साजिश का खुलासा
जम्मू (आरएनआई) परगवाल क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से पकड़े गए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी अब्दुल खालिक को न्यायालय ने 10 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शनिवार को जिला पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर गहन पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की, जिसे न्यायाधीश ने स्वीकार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि अब्दुल खालिक किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश के तहत सीमा पार से घुसपैठ कर आया था। उसे जम्मू क्षेत्र में आतंकी हमलों को अंजाम देने, सीमा पार से आने वाले आतंकियों की मदद करने और स्थानीय युवाओं को आतंक के रास्ते पर ले जाने का टास्क सौंपा गया था। पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं, ताकि उसके नेटवर्क और मंसूबों की पूरी जानकारी हासिल की जा सके।
पुलिस उसे उस स्थान पर भी ले जाएगी, जहां से उसने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर घुसपैठ की थी। आतंकी की गिरफ्तारी के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने चौकसी और कड़ी कर दी है। साथ ही, आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान भी तेज कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि अब्दुल खालिक को बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध गतिविधियों के दौरान गिरफ्तार किया था। वह सीमा पार से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। उसके कब्जे से एमपी-5 सब मशीन गन भी बरामद की गई है। खालिक राजोरी जिले का रहने वाला है और वर्ष 2021 में सीमा पार कर पाकिस्तान चला गया था, जहां उसने करीब चार वर्षों तक आतंकी प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के बाद वह एक बार फिर घुसपैठ कर भारत में दाखिल हुआ था, लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता के चलते समय रहते पकड़ लिया गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



