थापरनगर में मकान खरीद को लेकर विवाद, मुस्लिम परिवार को घर छोड़ने पर मजबूर किया गया; पुलिस ने लगवाया ताला, आज थाने में होगी सुनवाई
मेरठ (आरएनआई)—थापरनगर में एक मकान खरीद को लेकर अचानक तनाव पैदा हो गया है। गली नंबर–7 में जलीकोठी निवासी शाहिद कुरैशी ने लगभग एक करोड़ रुपये में अनुभव कालरा व रीना कालरा से मकान खरीदा था और कुछ दिन पहले परिवार सहित यहां रहने आए थे। इसके बाद दूध का कारोबार शुरू किया, जिसकी जानकारी मिलते ही इलाके में विरोध शुरू हो गया।
स्थानीय पंजाबी समाज के कई परिवारों ने क्षेत्र में भीड़भाड़ और गाड़ियों के जाम का हवाला देते हुए आपत्ति जताई। शुक्रवार शाम स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब कई लोगों ने अपने घरों पर ‘घर बिकाऊ है’ और ‘पलायन को मजबूर’ जैसे पोस्टर लगा दिए।
विरोध बढ़ने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कुछ लोग भी मौके पर पहुंचे। नारेबाजी के बीच पुलिस ने हस्तक्षेप किया, भीड़ को शांत कराया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाहिद और उनके परिवार को अस्थायी रूप से पुराने घर भेज दिया। मकान पर ताला लगा दिया गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दूध लेने आने वाले लोगों की आवाजाही से गली में जाम लगता है और दैनिक आवाजाही प्रभावित हो रही है। वहीं कुछ लोगों ने मकान बेचने वाले पक्ष पर भी नाराजगी जताई।
शाहिद कुरैशी का पक्ष
शाहिद का कहना है कि उन्होंने कानून के अनुसार रजिस्ट्री कराकर यह मकान खरीदा है। ‘‘मैंने किसी का नुकसान नहीं किया। अगर सब कुछ वैधानिक तरीके से हुआ है, तो फिर मेरा कसूर क्या है?’’ उन्होंने कहा।
पुलिस की कार्रवाई
तनाव बढ़ने पर सदर बाजार थाने और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कहा कि स्थिति को नियंत्रित किया गया है और किसी भी तरह की अफवाह फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ भ्रामक सूचनाएं सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थीं, जिन्हें पुलिस ने खारिज किया।
आज होगा समाधान
एसपी सिटी ने बताया कि मामला संवेदनशील है और दोनों पक्षों को शनिवार को सदर बाजार थाने बुलाया गया है। ‘‘दोनों की सहमति से ही समाधान निकाला जाएगा,’’ उन्होंने कहा।
इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



