तूफान ‘कलमागी’ का कहर: फिलीपींस में 52 की मौत, 13 लापता; सेबू में भारी तबाही, एयरफोर्स हेलिकॉप्टर क्रैश में छह जवान शहीद

Nov 5, 2025 - 10:56
 0  135
तूफान ‘कलमागी’ का कहर: फिलीपींस में 52 की मौत, 13 लापता; सेबू में भारी तबाही, एयरफोर्स हेलिकॉप्टर क्रैश में छह जवान शहीद

मनीला (आरएनआई)। फिलीपींस में आए भीषण तूफान ‘कलमागी’ ने भारी तबाही मचा दी है। अधिकारियों के मुताबिक अब तक 52 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लोग लापता हैं। सबसे ज़्यादा नुकसान सेबू प्रांत में हुआ है, जो हाल ही में आए भूकंप से उबरने की कोशिश कर रहा था। तेज़ हवाओं, भारी बारिश और बाढ़ ने लोगों की ज़िंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं और घर बाढ़ की धारा में बह गए हैं।

सेबू की गवर्नर पामेला बारिकुआत्रो ने बताया कि प्रशासन ने बचाव के लिए पूरी तैयारी की थी, लेकिन अचानक आई फ्लैश फ्लड ने सारी योजनाएं ध्वस्त कर दीं। उन्होंने स्वीकार किया कि लंबे समय से हो रहे अवैध खनन और घटिया बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं ने हालात को और बिगाड़ दिया। गवर्नर ने मांग की है कि इन परियोजनाओं की जांच कराई जाए और जिनकी लापरवाही से लोगों की जान गई, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाए।

तूफान प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने जा रहे फिलीपींस एयरफोर्स के एक हेलीकॉप्टर के अगुसान डेल सुर प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त होने से छह जवानों की मौत हो गई। पूर्वी मिनडानाओ सैन्य कमान ने बताया कि सुपर ह्यूई हेलिकॉप्टर लोरेटो शहर के पास क्रैश हुआ, जिसमें सवार सभी छह वायुसेना कर्मी शहीद हो गए। यह दल तूफान पीड़ितों को मानवीय सहायता पहुंचाने के मिशन पर था।

सेबू प्रांत को प्रशासन ने ‘राज्य आपदा क्षेत्र’ घोषित कर दिया है ताकि राहत और पुनर्वास कार्य तेज़ी से हो सकें। बताया जा रहा है कि भूकंप से पहले ही विस्थापित किए गए हजारों लोगों को मजबूत आश्रयों में रखा गया था, जिससे बड़ी संख्या में जानें बच गईं।

मौसम विभाग के अनुसार तूफान कलमागी बुधवार को पालावन द्वीप के तटीय इलाकों के ऊपर था, जहां करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। तूफान अब दक्षिण चीन सागर की ओर बढ़ रहा है। अब तक 3.87 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जबकि 186 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। करीब 3,500 यात्री और ट्रक ड्राइवर देश के विभिन्न बंदरगाहों पर फंसे हुए हैं।

फिलीपींस हर साल लगभग 20 तूफानों, कई भूकंपों और ज्वालामुखी विस्फोटों का सामना करता है, जिससे यह दुनिया के सबसे आपदा-प्रवण देशों में से एक बन गया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.