गुना: बदमाशों ने CCTV घुमाकर और कुत्ते को नशा खिलाकर की 5 लाख की चोरी, पारदी गैंग पर शक
गुना (आरएनआई) जिले के धरनावदा थाने की पुलिस चौकी झागर से करीब तीन किमी दूर स्थित ग्राम मोई में बीती रात आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने पांच लाख की चोरी को अंजाम दे दिया। वारदात से पहले चोरों ने उन पर भौंक रहे कुत्ते को कोई नशीला पदार्थ खिलाया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डायरेक्शन बदली। इसके बाद इत्मीनान से चोरी की। वारदात के तरीके से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपराध पारदी गैंग ने घटित किया है।
अपराधियों की गैंग ने बीती रात करीब डेढ़ बजे ग्राम मोई निवासी विट्ठल किरार के घर को निशाना बनाया। इस दौरान कुछ बदमाश घर के चारों ओर बनी दस फुट ऊंची सुरक्षा दीवार फांदकर घर में घुस गए। उन्होंने मेन गेट का ताला तोड़कर गेट खोल दिया। कुल छह बदमाश इस दौरान देखे गए। कुछ बदमाशों ने वहां दिखाई दे रहे सीसीटीवी कैमरों को घुमा दिया ताकि रिकॉर्डिंग न हो सके।
इस दौरान घर के बरामदे में एक कुत्ता भौंका तो बदमाशों ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाया और खींचकर उसे घर के बाहर कर दिया। फिर कमरों में तांकझांक की और जिन कमरों में घर में लोग सोए थे उनके दरवाजों की कुंडी बाहर से लगा दी। फिर उस कमरे का ताला तोड़कर बदमाश दाखिल हुए जहां संदूक रखा था। बदमाशों ने सामान अस्त व्यस्त कर संदूक में से एक सूटकेस निकाल लिया उसे अपने साथ ले गए। सूटकेस में ज्वैलरी और 50 हजार रुपए नगद रखे थे ।
इसके अलावा खेतों में दवा छिड़कने के दो पंप, एक सिलाई मशीन भी बदमाश अपने साथ ले गए। करीब चार बजे नींद खुलने पर घर की एक महिला ने गेट खोलना चाहा तो नहीं खुला इसके बाद ऊपरी मंजिल पर सो रहे भाई विट्ठल को सूचना दी जिन्होंने गेट की कुंडी खोली। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास तलाशी ली तो पास के मक्का के खेत की मेड़ पर खाली सूटकेस, उसमें रखे कुछ कपड़े, ज्वेलरी की खाली डिब्बियां और बटुए पड़े मिले।
पास में एक पाना भी पड़ा मिला जिसका उपयोग संभवतः ताला चटकाने के लिए किया होगा। बदमाश सूटकेस में रखी तकरीब 50 हजार रुपए नगद राशि और सोने चांदी की ज्वैलरी ले भागे। पीड़ित परिवार ने वारदात की सूचना पुलिस को दी आज पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
विट्ठल किरार के भाई नंदकिशोर किरार ने बताया कि इन दिनों इलाके में पारदी बदमाशों के हौंसले काफी बुलंद है। करीब एक माह पहले भी उनके घर को निशाना बनाया गया था। बदमाशों ने बाहर से कुंडी लगा दी थी लेकिन घर के लोगों के जाग जाने से बदमाश भाग गए थे। इसके बाद सेफ्टी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए। उन्होंने बताया कि ग्राम मोई से पारदियों के गांवों कनेरा, कनेरी की दूरी करीब सात आठ किमी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



