आंध्र प्रदेश के तट से आज टकराएगा चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’; तीन राज्यों में रेड अलर्ट, स्कूल बंद
विशाखापत्तनम (आरएनआई)। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ आज रात आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट से टकराने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान फिलहाल पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है और उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ते हुए आज रात तक काकीनाडा और कलिंगपट्टनम के बीच तट को पार कर सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि मोंथा अब एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है, जिसकी अधिकतम हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
तीन राज्यों में रेड अलर्ट, स्कूल बंद
मोंथा के असर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं।
ओडिशा में गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट, मलकानगिरी, नबरंगपुर और कालाहांडी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
तमिलनाडु के चेन्नई, तिरुवल्लूर, रानीपेट और कांचीपुरम जिलों में भारी बारिश के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
सरकारों की तैयारी और अलर्ट
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य की तैयारियों की समीक्षा की और सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। ओडिशा के मलकानगिरी, कालाहांडी और कंधमाल जिलों में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
आंध्र प्रदेश सरकार ने चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस नेटवर्क और आपात सेवाएं सक्रिय कर दी हैं। तटीय इलाकों में बिजली और पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष दल तैनात किए गए हैं।
रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित
चक्रवात के खतरे को देखते हुए विशाखापत्तनम से गुजरने वाली 43 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी कई उड़ानें स्थगित कर दी हैं। सोमवार को दिल्ली-विजाग उड़ान को भुवनेश्वर डायवर्ट किया गया। विजवाड़ा एयरपोर्ट पर भी कई सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।
एनडीआरएफ की तैनाती
देशभर से जुटाई गई 140 से अधिक एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमें प्रभावित राज्यों में राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हैं। लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने और घरों के भीतर सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



