अब एयरफोर्स एयरपोर्ट्स पर नहीं बंद करनी होंगी विमान की खिड़कियां, DGCA ने जारी किया नया निर्देश
ऑपरेशन सिंदूर के समय डीजीसीए ने एक आदेश जारी कर वायुसेना और व्यवसायिक दोनों इस्तेमाल में आने वाले हवाई अड्डों पर सुरक्षा कारणों से विमान की खिड़कियां बंद रखने और हवाई और जमीनी फोटोग्राफी को प्रतिबंधित कर दिया था।
नई दिल्ली (आरएनआई) देश के रक्षा हवाई अड्डों पर अब व्यवसायिक एयरलाइंस के यात्रियों को टेकऑफ या लैंड करते वक्त विमान की खिड़कियों को बंद करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस संबंध में आदेश जारी कर इस पाबंदी को वापस ले लिया है। ऑपरेशन सिंदूर के समय डीजीसीए ने एक आदेश जारी कर वायुसेना और व्यवसायिक दोनों इस्तेमाल में आने वाले हवाई अड्डों पर सुरक्षा कारणों से विमान की खिड़कियां बंद रखने और हवाई और जमीनी फोटोग्राफी को प्रतिबंधित कर दिया था।
अब डीजीसीए ने विमान की खिड़कियां बंद करने का आदेश वापस ले लिया है। हालांकि वायुसेना के हवाई अड्डों पर हवाई और जमीनी फोटोग्राफी पर प्रतिबंध अभी भी जारी रहेगा। DGCA ने एक बयान में कहा, 'भारतीय वायुसेना के संयुक्त उपयोगकर्ता हवाई अड्डों (JUAs) पर परिचालन सुरक्षा बढ़ाने के लिए हवाई और जमीनी फोटोग्राफी पर प्रतिबंध और खिड़कियों के पर्दे नीचे करने संबंधी सलाह हवाई संचालकों को जारी की गई थी। हालांकि, अब संशोधित निर्देश प्राप्त होने के बाद, खिड़कियों के पर्दे नीचे करने की जरूरत नहीं है, जबकि भारतीय वायु सेना के संयुक्त उपयोगकर्ता हवाई अड्डों पर सभी संचालनों के लिए हवाई/जमीनी फोटोग्राफी पर प्रतिबंध अभी भी लागू रहेगा।'
डीजीसीए ने खासकर पश्चिमी सीमा पर मौजूद हवाई अड्डों के लिए खासतौर पर ये नियम लागू किए थे। ऑपरेशन सिंदूर के समय जब भारत और पाकिस्तान में तनाव चरम पर था, तब सरकार ने उत्तर, मध्य और पश्चिमी सीमा पर मौजूद 32 हवाई अड्डों को कुछ दिन के लिए बंद करने का निर्देश जारी किया था। तनाव घटने के बाद जब हवाई क्षेत्र को खोल दिया गया तो सिर्फ उन्हीं हवाई अड्डों पर नियमों को लागू किया गया, जिन पर वायु सेना और व्यवसायिक विमानों का संयुक्त संचालन होता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



