50 शैय्या आयुष चिकित्सालय में बिजली न होने पर डीएम सख्त, शीघ्र विद्युतीकरण कराने के दिये निर्देश
हरदोई (आरएनआई) स्वामी विवेकानन्द सभागार में आयोजित जिला आयुष समिति की बैठक में जिलाधिकारी अनुनय झा ने भदैचा स्थित निर्माणाधीन 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय सहित अन्य आयुष चिकित्सालयों में विद्युतीकरण लंबित पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयुष चिकित्सालयों में बिजली कनेक्शन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आशा रावत को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन 50 शैय्या आयुष चिकित्सालय भदैचा के कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा संबंधित निर्माण संस्था के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराएं। साथ ही राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बिरौली, सदरपुर एवं भदैचा में भुगतान के उपरांत भी विद्युत कनेक्शन न होने पर निर्देश दिए कि अगली बैठक से पूर्व विद्युत विभाग से समन्वय कर विद्युतीकरण कार्य हर हाल में पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा केंद्रों के चिकित्सकों से संवाद करते हुए निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए तथा बच्चों के साथ-साथ ग्रामवासियों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित संबंधित चिकित्सक एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



