हरदोई में हरित क्रांति का नया अध्याय, वृक्षारोपण महाअभियान में लक्ष्य से अधिक 72.75 लाख पौधे रोपे

Jul 12, 2026 - 20:20
Jul 12, 2026 - 22:02
 0  189
हरदोई में हरित क्रांति का नया अध्याय, वृक्षारोपण महाअभियान में लक्ष्य से अधिक 72.75 लाख पौधे रोपे

हरदोई। प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को हरदोई जनपद में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत जिले को 72,74,700 पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला था, जबकि पूरे जनपद में 72,75,759 पौधे रोपित कर लक्ष्य को पार कर लिया गया। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हरदोई में आयोजित हुआ, जिसमें राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह, याचिका समिति के सभापति अशोक अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, सामाजिक वानिकी विभाग के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, किसानों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर पौधरोपण किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने हरिशंकरी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने महोगनी, एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने वाटलब्रश, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने मौलश्री तथा जिलाधिकारी अनुनय झा ने अशोक का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर 'आम भंडारा' के तहत आम के पौधों का वितरण भी किया गया। रजनी तिवारी ने शाहाबाद के वृहद गौ संरक्षण केंद्र तडेर, स्वामी ब्रह्मानंद डिग्री कॉलेज आगमपुर और टोडरपुर विकासखंड के कपूरपुर बहोरन में भी पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से चलाया जा रहा यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, जीरो पॉवर्टी लाभार्थियों और ट्रांसजेंडर समुदाय को भी सक्रिय रूप से जोड़ा गया। इसी क्रम में लखनऊ मंडल के अपर आयुक्त राधेश्याम ने संडीला क्षेत्र के ग्राम मवई मुसलमानान में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल पर बल दिया। अभियान के दौरान जीरो पॉवर्टी लाभार्थियों ने 23,230, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने 77,580, दिव्यांगजनों ने 3,879 पौधे लगाए, जबकि ट्रांसजेंडर समुदाय ने भी बावन गौशाला में पौधरोपण कर अपनी भागीदारी निभाई। प्रशासन ने कहा कि अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि हरदोई को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)