पंजाब में बाढ़ से हाहाकार, 12 जिले प्रभावित; रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज बारिश का रेड और बुधवार को यलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों पर भी यदि बारिश न थमी तो पंजाब में हालात और बिगड़ सकते हैं। 

Sep 2, 2025 - 14:10
 0  243
पंजाब में बाढ़ से हाहाकार, 12 जिले प्रभावित; रेड अलर्ट जारी

चंडीगढ़ (आरएनआई) पंजाब सरकार के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अपनी एक साल की तनख्वाह मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने की घोषणा की। बीते दिन टांडा दौरे पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को उन्होंने यह चेक सौंपा। डॉ. रवजोत ने बताया कि उनकी कुल वार्षिक आय 12 लाख रुपये है, जिसे उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में समर्पित कर दिया है।

मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब के कई जिलों में आई प्राकृतिक आपदा ने आम लोगों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ऐसे समय में सरकार और समाज के हर वर्ग को मिलकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंसानियत के नाते हर व्यक्ति का यह फर्ज बनता है कि वह जरूरतमंदों के साथ खड़ा हो और उनके दुख-दर्द को बांटे।

बठिंडा के तलवंडी साबो में तख्त दमदमा साहिब पर बाढ़ को लेकर अरदास की गई और सरबत के भले की परमात्मा से मांग की गई।

पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के साथ संवेदना जताई है। युवराज ने कहा कि पंजाब मेरा घर और मेरी आत्मा है। इस बाढ़ की तबाही देखना बेहद दर्दनाक है। परिवारों ने अपनों, घरों और उम्मीदों को खो दिया है और मेरी संवेदनाएं उनमें से हर एक के साथ हैं। कृपया जान लें कि आप अकेले नहीं हैं। 

फिरोजपुर के बाढ़ पीड़ित गांव में बीएसएफ ने लोगों के बीच जाकर उनमें जोश भरा और भारत माता की जय के नारे लगाए। बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि वह सतलुज दरिया पर बने बांध को एक इंच भी नुकसान पहुंचने नहीं देंगे। क्योंकि वह अपनी बटालियन के साथ बांध की मजबूती के लिए दिन रात काम कर रहे हैं ।ग्रामीण भी बांध की मजबूती के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। इस मौके पर ग्रामीणों और बीएसएफ ने भारत माता की जय के नारे लगाए।

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार सुबह फिरोजपुर का दौरा किया और जिला प्रशासन के साथ बैठक कर बाढ़ की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राहत कार्यों की गति, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास उपायों पर चर्चा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय पर सहायता एवं प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

मौसम विभाग ने सात सितंबर तक बूंदाबांदी के आसार बताए हैं। अभी तक पंजाब में 470 एमएम बारिश हो चुकी है जोकि मानसून सीजन में सामान्य से 30 फीसदी ज्यादा है।

पंजाब में जलप्रलय आई हुई है। बाढ़ और बारिश की वजह से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है। 12 जिलों के 2 लाख 56 हजार लोग प्रभावित हैं। 94061 हेक्टेयर फसल बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा मानसा जिले में किसानों की फसल बर्बाद हुई है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.