हरियाणा में घना कोहरा: दृश्यता 10 मीटर तक सिमटी, सड़कों पर रेंगते रहे वाहन; अभी और बिगड़ सकता है मौसम

Dec 15, 2025 - 11:33
 0  297
हरियाणा में घना कोहरा: दृश्यता 10 मीटर तक सिमटी, सड़कों पर रेंगते रहे वाहन; अभी और बिगड़ सकता है मौसम

चंडीगढ़ (आरएनआई)। हरियाणा में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार के बाद सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई स्थानों पर दृश्यता घटकर मात्र 10 मीटर, तो कहीं इससे भी कम रह गई। हालात ऐसे रहे कि दिन में भी वाहन चालकों को लाइट और फॉग लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। हाईवे और मुख्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से शहर की ओर आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड और कोहरे के कारण लोग कंपकंपाते नजर आए, वहीं सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित हुआ।

टोहाना में वाहन चालक फॉग लाइट जलाकर धीरे-धीरे आगे बढ़ते दिखे। ठंड के बीच बच्चे स्कूल जाते समय गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल धुंध और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है और आने वाले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है।

रेवाड़ी में सोमवार को इस मौसम का अब तक का सबसे घना कोहरा देखने को मिला। सुबह के समय दृश्यता 10 मीटर से भी कम हो गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर साफ असर पड़ा। हालात यह रहे कि सुबह करीब 10 बजे तक भी कोहरा पूरी तरह नहीं छंट पाया और लोगों को दैनिक कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

नारनौल में लगातार दूसरे दिन कोहरा छाया रहा। सोमवार को दृश्यता 20 मीटर से भी कम दर्ज की गई। हालांकि सुबह आठ बजे के बाद कोहरे में कुछ कमी आई, लेकिन तब तक वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी और लाइट जलाकर ही यात्रा करनी पड़ी। हिसार और झज्जर में भी कोहरे का असर साफ दिखाई दिया।

राष्ट्रीय राजमार्ग भिवानी-हांसी 148-बी पर सोमवार सुबह से ही घनी धुंध छाई रही, जहां दृश्यता सात मीटर से भी कम रही। वाहनों की गति बेहद धीमी रही और ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। भिवानी में अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कनीना में भी सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता लगभग शून्य रही। खासतौर पर कनीना से रेवाड़ी रोड की ओर यातायात अधिक होने के कारण वाहन रेंगते हुए नजर आए। कई स्थानों पर सड़क के बीचों-बीच सफेद पट्टी यानी रोड मार्किंग न होने से वाहन चालकों को दिशा का सही अनुमान नहीं लग पा रहा है, जिससे हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कोहरा और ठंड का प्रकोप बना रह सकता है, ऐसे में वाहन चालकों और आम लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.