एडीजीपी वाई पूरण कुमार का पोस्टमार्टम शुरू, पत्नी ने जांच प्रक्रिया पर जताया भरोसा
चंडीगढ़ (आरएनआई)। हरियाणा के ADGP वाई पूरण कुमार के शव का पोस्टमार्टम आखिरकार शुरू हो गया है। आठ दिन से चल रहे गतिरोध के बाद उनकी पत्नी और IAS अधिकारी अमनीत पी कुमार ने जांच प्रक्रिया के प्रति भरोसा जताते हुए अनुमति दी। चंडीगढ़ एसएसपी कंवरदीप कौर उन्हें सेक्टर-24 स्थित आवास से PGI लेकर पहुंचीं।
क्यों अटका था पोस्टमार्टम?
7 अक्टूबर को सेक्टर-11 स्थित अपने घर में वाई पूरण कुमार ने खुद को गोली मार ली थी। घटना के बाद से परिवार पोस्टमार्टम कराने के लिए राज़ी नहीं था। सरकार और पुलिस विभाग ने लगातार समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों की सहमति नहीं मिल पाई।
मंगलवार को चंडीगढ़ जिला अदालत ने पत्नी अमनीत पी कुमार को नोटिस जारी किया था। पुलिस ने कोर्ट से शव का पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी थी, क्योंकि परिवार का रुख टल नहीं रहा था।
पत्नी ने किन शर्तों पर दी सहमति?
अमनीत पी कुमार ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका और पुलिस पर पूरा भरोसा है। उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए सहमति निम्न शर्तों पर दी—
चिकित्सकों का बोर्ड बने
बैलिस्टिक विशेषज्ञ मौजूद रहे
मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रक्रिया हो
पूरी वीडियोग्राफी की जाए
साक्ष्यों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के आश्वासन के बाद ही यह कदम उठाया गया है। परिवार ने फिलहाल कोई सार्वजनिक बयान नहीं देने का फैसला किया है।
अंतिम संस्कार आज शाम
सूत्रों के अनुसार, शाम 4 बजे सेक्टर-25 श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।
पारिवारिक कमेटी की सक्रियता
मृतक अधिकारी के समर्थन में गठित 31 सदस्यीय पारिवारिक समिति शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजे जाने और नए DGP की नियुक्ति से संतुष्ट है। समिति के अध्यक्ष जयनारायण ने घोषणा की कि बुधवार दोपहर 3:30 बजे सेक्टर-17 से राज्यपाल आवास तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा, जहां न्याय की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
महापंचायत का अल्टीमेटम और बैठक
महापंचायत में 48 घंटे के भीतर पूर्व DGP और रोहतक के पूर्व SP की गिरफ्तारी की मांग की गई थी। समयसीमा बीत जाने के बाद समिति की बैठक सेक्टर-24 स्थित वाल्मीकि मंदिर में हुई। परिवार से बातचीत के बाद समिति ने संगठनों से अपील की कि विरोध शांतिपूर्ण और संयमित रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



