गुना एनएफएल विजयपुर प्लांट में फिर दिखा तेंदुआ, कर्मचारियों में डर का माहौल

Jan 24, 2025 - 21:43
Jan 24, 2025 - 21:43
 0  2k

गुना/राधौगढ़ (आरएनआई) नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) विजयपुर के प्लांट में तेंदुए की उपस्थिति से कर्मचारियों के बीच भय का माहौल बन गया है। 6 जनवरी 2025 को सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ देखा गया था, और इसकी सूचना स्थानीय वन विभाग को तत्काल दी गई थी, लेकिन अब तक इसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल पाई है। इसी बीच, 23 जनवरी को एमएफएल के कर्मचारियों द्वारा तेंदुए को फिर से देखा गया, जो सीसीटीवी में भी स्पष्ट रूप से कैद हुआ। 24 जनवरी को तेंदुआ कर्मचारियों के कार्यस्थल के अत्यंत नजदीक देखा गया, जिससे सुरक्षा को लेकर और अधिक चिंता बढ़ गई है। एनएफएल विजयपुर भारत सरकार का सबसे बड़ा यूरिया खाद उत्पादक प्लांट है, जो चौबीसों घंटे कार्य करता है। लेकिन तेंदुए की उपस्थिति के कारण कर्मचारियों का कार्य करना कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है। इस स्थिति से कर्मचारियों के मानसिक तनाव में भी वृद्धि हो रही है।

एनएफएल के कर्मचारियों ने इस समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन से तेंदुए को शीघ्र पकड़ने की अपील की है। एनएफएल कर्मचारियों के संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह भोज ने मध्यप्रदेश के मुख्य वन संरक्षक को पत्र लिखकर इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा है कि एनएफएल प्लांट में तेंदुए के लगातार दिखने से कार्य वातावरण बेहद खतरनाक हो गया है और कर्मचारियों का काम करना मुश्किल हो गया है। वीरेंद्र सिंह भोज ने यह भी कहा कि जल्द से जल्द एक प्रशिक्षित टीम को भेजकर तेंदुए को पकड़ने की व्यवस्था की जाए, ताकि प्लांट के कर्मचारियों का काम सामान्य रूप से जारी रह सके। यह स्थिति अब तक नियंत्रण से बाहर होती जा रही है, और वन विभाग की ओर से कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0