टोरंटो (आरएनआई)। कनाडा के टोरंटो शहर में हुई एक सनसनीखेज गोलीबारी की घटना में 20 वर्षीय भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी की मौत हो गई। यह घटना टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो परिसर के पास हुई, जिससे भारतीय समुदाय और विश्वविद्यालय जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। शिवांक अवस्थी जीवन विज्ञान (लाइफ साइंसेज़) के तीसरे वर्ष के छात्र थे और विश्वविद्यालय की चीयरलीडिंग टीम के सक्रिय सदस्य भी थे।
टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दूतावास ने अपने बयान में कहा कि यह युवा भारतीय छात्र की असमय और दर्दनाक मौत है, जिससे पूरा समुदाय आहत है।
पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर को हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड के इलाके में शिवांक को गोली मारी गई थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वह जमीन पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले और वहीं उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जांचकर्ताओं का कहना है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो चुके थे और उनकी तलाश जारी है।
विश्वविद्यालय परिसर में भी इस घटना को लेकर गहरा शोक और आक्रोश है। टोरंटो स्कारबोरो विश्वविद्यालय की चीयरलीडिंग टीम ने इंस्टाग्राम पर शिवांक को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि वह उनके लिए सिर्फ एक साथी नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा थे और उनका जाना सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। सोशल मीडिया पर भी छात्र और मित्र उन्हें याद कर रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
रेडिट पर साझा किए गए एक पोस्ट में एक छात्र ने बताया कि शिवांक को कैंपस वैली के भीतर दिनदहाड़े गोली मारी गई, जो छात्रों द्वारा अक्सर इस्तेमाल किया जाने वाला इलाका है। इस वजह से सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस घटना के कुछ ही दिनों पहले टोरंटो में एक और भारतीय नागरिक, 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की भी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस घरेलू हिंसा के एंगल से जांच कर रही है और आरोपी अब्दुल गफूरी की तलाश जारी है। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने उस मामले में भी परिवार को हरसंभव सहायता देने की बात कही है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से कनाडा में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, वहीं शिवांक अवस्थी की मौत ने पूरे समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है।