उत्तर प्रदेश में खत्म हुआ चक्रवात का असर, आज से दिन में दिखेगी तेज धूप; रातें होंगी कम ठंडी
लखनऊ (आरएनआई) उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से सक्रिय चक्रवात का असर अब पूरी तरह खत्म हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में मौसम सामान्य हो जाएगा और दिन में तेज धूप देखने को मिलेगी। वहीं रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
बीते दो दिनों की बारिश के बाद प्रदेश का वातावरण ठंडा हो गया था, लेकिन अब तापमान में फिर से वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम शुष्क रहने के साथ ही आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार नवंबर में रातें अपेक्षाकृत कम ठंडी रहेंगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अक्टूबर महीने में प्रदेश में सामान्य से 131 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। जहां सोनभद्र में सबसे अधिक 211.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं वाराणसी में 210.3 मिमी वर्षा हुई। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री अधिक और अधिकतम तापमान 1-3 डिग्री कम दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि हिंद महासागर की नकारात्मक द्विध्रुवीय परिस्थितियों के कारण नवंबर में औसत से थोड़ी अधिक वर्षा हो सकती है। तराई क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है, जबकि अन्य इलाकों में यह सामान्य के बराबर रहेगा। अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जाएगा।
शनिवार को कानपुर में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस और बलिया में न्यूनतम तापमान सबसे कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच, गोंडा जिले में रविवार सुबह मौसम ने करवट ली। लगातार दो दिन की बारिश के बाद सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता कम हो गई और आवागमन में दिक्कतें आईं। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि सुबह और देर रात के समय हल्की सर्दी से बचाव के उपाय करें, जबकि दिन में धूप का आनंद उठाया जा सकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



