अनंतनाग के गडोल जंगल से दूसरे लापता पैरा कमांडो का शव भी मिला, बर्फीले तूफान को मौत की वजह माना गया

Oct 11, 2025 - 10:27
 0  243
अनंतनाग के गडोल जंगल से दूसरे लापता पैरा कमांडो का शव भी मिला, बर्फीले तूफान को मौत की वजह माना गया

श्रीनगर (आरएनआई) दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के गडोल वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को दूसरे लापता पैरा कमांडो का शव भी बरामद कर लिया। पहला शव एक दिन पहले, गुरुवार को मिला था। दोनों जवान 6 और 7 अक्तूबर की रात को ऑपरेशन के दौरान लापता हो गए थे।

पहचान हुई, मौत की वजह मौसम मानी जा रही

दोनों शहीद पैरा कमांडो की पहचान लांस हवलदार पलाश घोष और लांस नायक सुजय घोष के रूप में हुई है। प्रारंभिक आशंका है कि खराब मौसम और बर्फीले तूफान के बीच घने व दुर्गम जंगल में फंसने के कारण उनकी मौत हुई।

वृहद तलाशी अभियान चला

सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने मंगलवार से बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया था। ड्रोन, क्वाडकॉप्टर, यूएवी और हेलिकॉप्टरों की मदद से गडोल के घने जंगल और किश्तवाड़ की दिशा में फैले कठिन इलाकों को खंगाला गया। यह क्षेत्र दक्षिण कश्मीर को जम्मू के डोडा और किश्तवाड़ जिलों से जोड़ता है।

आतंकी पहलू नहीं, लेकिन क्षेत्र संवेदनशील

सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों कमांडो के लापता होने में आतंकी हमले की संभावना से इनकार किया है। हालांकि यह वही इलाका है जहां पहले कई बड़े आतंकी अभियानों में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आतंकवादी अक्सर ऊंचे और घने इलाकों का इस्तेमाल छिपने के लिए करते हैं।

इस क्षेत्र में पहले भी भारी नुकसान

सितंबर 2023: गडोल में आतंकी मुठभेड़ में 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोंचक, डीएसपी हुमायूं भट और जवान प्रदीप कुमार शहीद हुए थे। एक सप्ताह चले अभियान में लश्कर का शीर्ष कमांडर मारा गया था।

अगस्त 2024: दो दिन चली मुठभेड़ के दौरान सेना के दो जवान और एक स्थानीय व्यक्ति घायल होने के बाद शहीद हो गए।

चिनार कोर ने दी श्रद्धांजलि

चिनार कोर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट जारी कर दोनों शहीदों को नमन किया। संदेश में लिखा गया:

“कोकरनाग के किश्तवाड़ रेंज में अत्यंत प्रतिकूल मौसम का सामना करते हुए वीर लांस हवलदार पलाश घोष और लांस नायक सुजय घोष ने आतंकवाद विरोधी अभियानों में सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस और समर्पण हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा। चिनार वॉरियर्स उनके परिवारों के साथ खड़े हैं और उनकी भलाई के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

दोनों जवानों के निधन पर सुरक्षा बलों तथा स्थानीय प्रशासन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.