हरदोई में भीषण सड़क हादसा: कोहरे के चलते रोडवेज बस–ट्रक की आमने-सामने टक्कर 9 घायल

Dec 25, 2025 - 12:24
Dec 25, 2025 - 12:26
 0  621

हरदोई (आरएनआई) जिले में गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कटरा–बिल्हौर हाईवे पर हरपालपुर थाना क्षेत्र के लमकन गांव के पास दिल्ली से हरदोई आ रही रोडवेज बस की सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक, परिचालक सहित कुल 9 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बुद्ध विहार डिपो की रोडवेज बस दिल्ली से हरदोई की ओर जा रही थी। बस में लगभग एक दर्जन यात्री सवार थे। सुबह के समय घना कोहरा होने के कारण दृश्यता काफी कम थी, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरपालपुर पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अनिल कुमार सिंह, दयावती, नीलम, सुनीत कुमार सिंह और उमेश कुमार सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल/मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कोहरे के चलते हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)