हरदोई में दो दिवसीय मिलेट्स किसान मेला महोत्सव सम्पन्न, श्रीअन्न को डाइट में शामिल करने का आह्वान

Dec 24, 2025 - 19:14
Dec 24, 2025 - 19:14
 0  189
हरदोई में दो दिवसीय मिलेट्स किसान मेला महोत्सव सम्पन्न, श्रीअन्न को डाइट में शामिल करने का आह्वान

हरदोई (आरएनआई) जनपद हरदोई में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना (न्यूट्रीसीरियल घटक) के अन्तर्गत दिनांक 23 से 24 दिसम्बर 2025 तक दो दिवसीय मिलेट्स किसान मेला महोत्सव का आयोजन सम्भागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केन्द्र, निकट बिलग्राम चुंगी, हरदोई में किया गया।

दिनांक 24 दिसम्बर 2025 को आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्री माघवेन्द्र प्रताप सिंह रानू, विधायक सवायजपुर तथा विशिष्ट अतिथि श्री अजीत सिंह ‘बब्बन’, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरान्त अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अधिकारियों एवं किसानों के साथ अवलोकन किया।

मुख्य अतिथि विधायक श्री रानू ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने और आमजन की सेहत सुधारने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत किसानों के खातों में प्रतिवर्ष छह हजार रुपये सीधे भेजे जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपनी दैनिक डाइट में श्रीअन्न (मिलेट्स) को शामिल करने का अनुरोध करते हुए इसके पोषण एवं स्वास्थ्य लाभ बताए। साथ ही कृषि विभाग द्वारा श्रीअन्न के प्रचार-प्रसार हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि श्री अजीत सिंह ‘बब्बन’ ने कृषि, गन्ना, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

श्री अजय कृष्णा, संयुक्त कृषि निदेशक, लखनऊ मण्डल ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं, जिससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त सहित अन्य विभागीय योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिलता रहे।

श्री सतीश कुमार, उप कृषि निदेशक, हरदोई ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से श्रीअन्न (मिलेट्स) फसलों—ज्वार, बाजरा, कोदो, रागी, सावां आदि—को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि मिलेट्स की खेती में कम पानी, कम उर्वरक तथा कम कीट-रोग लगते हैं, जिससे लागत घटती है और आमदनी बढ़ती है, साथ ही मृदा एवं मानव स्वास्थ्य के लिए भी यह अत्यंत लाभकारी है।

कार्यक्रम में श्री इन्द्रजीत यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने रबी फसलों में खरपतवार, कीट एवं रोग नियंत्रण पर जानकारी दी। डा० निधि राठौर, भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय ने भूमि संरक्षण एवं खेत-तालाब योजना की विस्तृत जानकारी दी। डा० ए०के० तिवारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र ने रबी फसलों से संबंधित कीट एवं रोग प्रबंधन पर प्रकाश डाला।

महोत्सव में विभिन्न एफपीओ द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के स्टाल लगाए गए, जिससे किसानों को मूल्य संवर्धन एवं विपणन की जानकारी मिली। कार्यक्रम में कृषि, गन्ना, भूमि संरक्षण, नलकूप, कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)