हरदोई में झाड़ियों में मिला युवती का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका

Dec 16, 2025 - 19:19
Dec 16, 2025 - 19:21
 0  324

हरदोई (आरएनआई) जनपद के माधौगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पंचायत भवन और कूड़ा घर के पास झाड़ियों में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवती के गले में दुपट्टा कसा हुआ मिला, जिससे प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मौके पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह, फोरेंसिक टीम और स्थानीय थाना पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। मृतका की पहचान करीब 25 वर्षीय ज्योति पत्नी जीत बहादुर गौतम, निवासी ग्राम गुलाबनगर मजरा डकोली के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका की मां विजरानी गौतम ने बताया कि ज्योति सोमवार को संडीला में नौकरी देखने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। पंचायत भवन तक उसके साथ छोटी बहन भी गई थी। वहीं से डकोली निवासी इकलाल उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया था। इसके बाद ज्योति घर नहीं लौटी। देर शाम तक संपर्क न होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

मंगलवार सुबह पंचायत भवन के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना ग्राम प्रधान केदार ने पुलिस को दी। बताया गया कि ज्योति अपने छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उसके दो छोटे भाई मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां की तहरीर पर डकोली निवासी इकलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि सीओ के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)