हरदोई में औचक निरीक्षण के दौरान खनन अधिकारी पर हमला, बाल-बाल बचे अधिकारी
हरदोई (आरएनआई) जनपद में अवैध खनन माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार देर रात बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सांपखेड़ा के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध खनन रोकने पहुंचे जिला खनन अधिकारी की सरकारी गाड़ी पर डंपर चालक ने जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार जिला खनन अधिकारी शिवदयाल सिंह को लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर वह अपनी टीम के साथ रात करीब चार बजे औचक निरीक्षण पर निकले थे। पक्की सड़क से गांव के अंदर कच्चे चकमर्ग पर पहुंचते ही सामने से मिट्टी से भरा बिना नंबर प्लेट का पीले रंग का डंपर आता दिखाई दिया।खनन अधिकारी द्वारा डंपर को रोकने का संकेत देने पर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और सरकारी बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से पलटते हुए गेहूं के खेत में जा गिरी। गनीमत रही कि खनन अधिकारी, चालक अनुराग सिंह तथा टीम में मौजूद अन्य कर्मचारी समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे किसी की जान नहीं गई।घटना के बाद डंपर कच्चे मार्ग पर पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में सरकारी बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
खनन अधिकारी की तहरीर पर डंपर चालक सुमित यादव, निवासी ग्राम परसोला, थाना बिलग्राम, के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी अवैध खनन के मामलों में संलिप्त रहा है और उसकी जेसीबी मशीन पूर्व में सीज की जा चुकी है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी और उसके नेटवर्क की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। घटना ने जिले में अवैध खनन माफियाओं की बेखौफ गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



