हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट के वांछित अपराधी को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

Oct 20, 2025 - 09:09
Oct 20, 2025 - 09:56
 0  324

हरदोई (आरएनआई) जनपद हरदोई की शाहाबाद और पाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25 हजार के इनामिया गैंगलीडर विकास पुत्र विजय, निवासी ग्राम श्यामतगंज गौटिया, थाना सदर बाजार, जनपद शाहजहाँपुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायर किया, जिससे अभियुक्त के बाएँ पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सीएचसी शाहाबाद भेजा गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभियुक्त विकास पुत्र विजय एक सक्रिय अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, हत्या के प्रयास, डकैती की तैयारी, आयुध और जुआ अधिनियम समेत कुल 18 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और जनपद में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था।

थाना पाली पुलिस ने 20 अगस्त 2025 को विकास पुत्र विजय सहित नौ अन्य अभियुक्तों के खिलाफ आर्थिक व भौतिक लाभ कमाने के उद्देश्य से संगठित अपराध करने के आरोप में मुकदमा संख्या 360/25, धारा 2/3 उ.प्र. गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत मामला दर्ज किया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी पर श्रीमान पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।

सहायक अधीक्षक आलोक राजनरायन ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ और जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने शाहाबाद और पाली थाना पुलिस टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि, “अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह कार्रवाई जनता में कानून के प्रति विश्वास और अपराधियों में भय पैदा करने का कार्य करेगी।”

पुलिस ने बताया कि घायल अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। टीम अब उसके अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)