सीएम योगी ने किया गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का लोकार्पण, बोले- इंफ्रास्ट्रक्चर की गति बढ़ने से होगी प्रगति

मुख्यमंत्री ने 2017 के पहले के उत्तर प्रदेश की दशा का उल्लेख करते हुए कहा कि तब उत्तर प्रदेश में विकास की बात तो दूर थी, यहां बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव था। गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ पात्रों को नहीं मिलता था। 

Jun 20, 2025 - 21:54
 0  135
सीएम योगी ने किया गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का लोकार्पण, बोले- इंफ्रास्ट्रक्चर की गति बढ़ने से होगी प्रगति

गोरखपुर (आरएनआई) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (ढांचागत विकास) की गति बढ़ेगी तो प्रगति भी तेजी से होगी। प्रगति तेज होने पर समृद्धि अपने आप आएगी। समग्र विकास के लिए आवश्यक है कि उसके अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर का तेज गति से विकास किया जाए। 

सीएम योगी शुक्रवार को रोड इंफ्रास्ट्रक्चर का उत्कृष्ट उपहार देने के सिलसिले को जारी रखते हुए 7283.28 करोड़ रुपये की लागत से बने 91.35 किमी लंबे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के अवसर पर भगवानपुर टोल प्लाजा पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा दुनिया के विकसित देशों का विकास उनके बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर की ही देन है। 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान दिया गया, उसका ही परिणाम है कि यूपी अब बीमारू राज्य की बदनामी से उबरकर इमर्जिंग स्टेट के रूप में पहचाना जा रहा है। देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो रहा है। 

मुख्यमंत्री ने 2017 के पहले के उत्तर प्रदेश की दशा का उल्लेख करते हुए कहा कि तब उत्तर प्रदेश में विकास की बात तो दूर थी, यहां बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव था। गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ पात्रों को नहीं मिलता था। परम्परागत उद्यम बंदी के कगार पर थे। एक जिला एक माफिया पिछली सरकारों की देन थी। तब विकास की योजनाओं में बंदरबांट और माफिया का वर्चस्व था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 2017 के बाद का उत्तर प्रदेश माफियामुक्त, गुंडामुक्त और दंगामुक्त राज्य बन चुका है। अब यह देश में पर्यटन और निवेश का बेहतरीन डेस्टिनेशन बन गया है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले यूपी में यह पता ही नहीं चलता था कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क, पर अब यह प्रदेश एक्सप्रेसवे के नए संजाल से अर्थव्यवस्था को रफ्तार दे रहा है। 

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में युवाओं के सामने अब पहचान का संकट नहीं है। पांच दिन पूर्व गृह मंत्री अमित शाह की मौजदूगी में 60 हजार से अधिक युवाओं को पुलिस में नियुक्ति का पत्र दिया गया। इसमें 12045 बेटियों की भर्ती हुई है। आजादी के बाद 2017 तक यूपी पुलिस में सिर्फ दस हजार महिलाओं की भर्ती हुई थी, अब यह संख्या 40 हजार से अधिक हो चुकी है। 

मुख्यमंत्री ने कहा अब प्रदेश में सरकारी नियुक्तियों पर प्रश्न नहीं होते। अब जाति, क्षेत्र का भेद नहीं होता बल्कि भर्तियां मेरिट के आधार पर और आरक्षण के नियमों के अनुरूप होती हैं। उत्तर प्रदेश अब युवा ऊर्जा को सकारात्मक ऊर्जा में बदलने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। उन्होंने बिना दो नेताओं का नाम लिए कहा कि पुलिस सहित सरकारी भर्तियां 2017 के पूर्व में होती तो चाचा-भतीजा की जोड़ी वसूली पर निकल गई होती। उन्होंने गृह मंत्री के उद्धरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यूपी में अब पर्ची-खर्ची के बिना पारदर्शी तरीके से भर्ती होती है। मुख्यमंत्री ने कहा आठ साल में अकेले यूपी पुलिस में 2.16 लाख भर्ती हुई है जबकि कुल साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी भर्तियां हुई हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के बेहतर माहौल में अर्थव्यवस्था आगे बढ़ती है और निवेश आता है। यूपी में पिछले आठ साल से यही हो रहा है। इस दौरान प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए और उनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव को धरातल पर उतारा जा चुका है।

सीएम योगी ने कहा यूपी के एक्सप्रेसवे निवेश के आधार बन रहे हैं। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए गोरखपुर के दक्षिणांचल में औद्योगिक विकास की नई नई पड़ रही है। उन्होंने कहा कि गीडा में पिछले आठ साल में 15000 करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरे जिससे 40 हजार स्थानीय नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिला। उन्होंने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के बाद इस साल के अंत तक गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात मिल जाएगी। इन एक्सप्रेसवे पर हर जिले में औद्योगिक क्लस्टर विकसित किया जा रहे हैं। इन औद्योगिक क्लस्टर में उद्योग लगेंगे, एमएसएमई की इकाइयां स्थापित होंगी, फिशरीज और एग्रीकल्चर के व्यवसाय की गतिविधियां आगे बढ़ेंगी। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा आज उत्तर प्रदेश रोड, रेल और एयर कनेक्टिविटी में नम्बर एक  है। यूपी एक्सप्रेसवे के मामले में तो नम्बर एक है ही, सबसे लंबा रेल नेटवर्क भी यहीं है। यही नहीं, 2017 के पहले दो एयरपोर्ट वाले इस राज्य में आज 16 एयरपोर्ट हैं। चार इंटरनेशनल एयरपोर्ट आपरेशनल हैं और देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट नोएडा के जेवर में बन रहा है। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.