‘विश्वास की एक नई सुबह’, बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण से पहले नितिन नवीन का बड़ा संदेश
पश्चिम बंगाल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की पहली सरकार शपथ लेने जा रही है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसे “विश्वास की एक नई सुबह” बताते हुए कहा कि बंगाल अब विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए दौर में प्रवेश करने जा रहा है।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि बंगाल में आज की सुबह नई आशा और नए विश्वास का संदेश लेकर आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में विकास को गति मिलेगी, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित होगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जनता के भरोसे के साथ बंगाल में नई सरकार शपथ ले रही है। भाजपा अध्यक्ष ने “वंदे मातरम्” लिखते हुए इसे राज्य की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव बताया।
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। भवानीपुर सीट पर उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, कई केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत ने पश्चिम बंगाल में लंबे समय से चली आ रही तृणमूल कांग्रेस सरकार का अंत कर दिया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने औपचारिक रूप से शुभेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता और पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया था। यह फैसला नव निर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक में लिया गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



