ममता बनर्जी ने अब तक नहीं बदली सोशल मीडिया प्रोफाइल, ‘मुख्यमंत्री’ का पदनाम अब भी कायम
पश्चिम बंगाल की सत्रहवीं विधानसभा भंग होने के बाद भी तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में कोई बदलाव नहीं किया है। आधिकारिक रूप से पूर्व मुख्यमंत्री बनने के बावजूद उनके फेसबुक और एक्स खाते पर अब भी “माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल” लिखा हुआ दिखाई दे रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि विधानसभा भंग होने और सरकार समाप्त होने के बाद भी मुख्यमंत्री का पदनाम बनाए रखना राजनीतिक संदेश देने की कोशिश है। वहीं तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने गुरुवार को संविधान के अनुच्छेद 174(2)(बी) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए सत्रहवीं विधानसभा को भंग कर दिया था। राजभवन, कोलकाता की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि विधानसभा का कार्यकाल सात मई को पूरा हो चुका था और तत्काल प्रभाव से सदन को भंग किया जाता है।
ममता बनर्जी ने चुनावी हार के बाद भी मुख्यमंत्री पद छोड़ने से इनकार किया था। अब सोशल मीडिया प्रोफाइल में मुख्यमंत्री का पदनाम बरकरार रहने से राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।
साल 2021 में ममता बनर्जी लगातार तीसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनी थीं। वर्ष 2011 से तृणमूल कांग्रेस राज्य की सत्ता में बनी हुई थी, लेकिन इस बार पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा। विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस सत्ता बचाने में असफल रही, वहीं ममता बनर्जी को भी भवानीपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



