जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ, स्व-गणना के लिए जनप्रतिनिधियों ने किया जागरूक
जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारम्भ, स्व-गणना के लिए जनप्रतिनिधियों ने किया जागरूक
हरदोई (आरएनआई) भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के अंतर्गत स्व-गणना कार्यक्रम का शुभारम्भ शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट हरदोई में किया गया। कार्यक्रम में जनपद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर स्व-गणना प्रक्रिया को समझा और आमजन से इसमें सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में सवायजपुर विधायक कुं० माधवेन्द्र प्रताप सिंह (रानू), बालामऊ विधायक श्री रामपाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती वर्मा, नगर पालिका परिषद हरदोई के अध्यक्ष मधुर मिश्र सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यशाला में भाग लिया।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी हरदोई श्री अनुनय झा तथा अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह के निर्देशन में जनपद में स्व-गणना कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वयं स्व-गणना कर इसकी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग करें, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को मजबूती मिले।
जिलाधिकारी श्री अनुनय झा ने जनगणना के आंकड़ों की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से होगी, जिसमें नागरिक स्वयं स्व-गणना कर अपनी जानकारी सुरक्षित एवं गोपनीय तरीके से दर्ज कर सकेंगे।
अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) श्रीमती प्रियंका सिंह ने जनगणना कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कर्मचारियों एवं आमजन को अधिक से अधिक स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में जिला जनगणना प्रभारी श्री विनय कुमार वर्मा ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, समस्त अधिसूचित अधिकारी, चार्ज अधिकारी एवं फील्ड ट्रेनर सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



