विकास एवं निर्माण कार्य निर्धारित मानकानुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से करायें – आयुक्त

Dec 11, 2025 - 18:42
Dec 11, 2025 - 18:44
 0  162
विकास एवं निर्माण कार्य निर्धारित मानकानुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से करायें – आयुक्त

हरदोई (आरएनआई) आज स्वामी विवेकानन्द सभागार में आयुक्त लखनऊ मण्डल विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में जिलाधिकारी अनुनय झा सहित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। आयुक्त ने विकास एवं निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता परक और समयबद्ध पूर्ण कराने, बाढ़ से क्षतिग्रस्त मार्गों व पुल-पुलियों तथा विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने, सांसद-विधायकों के कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने धान क्रय केंद्रों के नियमित निरीक्षण, किसानों को छाया-पेयजल जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और पीएम-कुसुम योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचाने तथा खाद की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रोस्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, अधिक शिकायत वाले क्षेत्रों में शिविर लगाकर समस्याओं के समाधान, बागवानी मिशन के लक्ष्य पूर्ण करने, आम के निर्यात हेतु किसानों के क्लस्टर और एफपीओ को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षा विभाग को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषाहार तथा शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जबकि गौशालाओं में पेयजल, भूसा-हरा चारा और ठंड से बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। पंचायत राज विभाग को विशेष सफाई अभियान और कचरा प्रबंधन सुधारने, सीएमओ को 70 वर्ष से अधिक आयु वालों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता पर बनाने, स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों-कर्मचारियों की उपस्थिति और मरीजों के प्रति सौम्य व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही बैठक में स्वयं सहायता समूहों के बैंक लिंकेज, पीएम आवास योजना के पात्र लाभार्थियों के सत्यापन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मशीन उपलब्ध कराने, कुपोषित बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने और दिव्यांगजनों का सत्यापन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर भी चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संन्या छाबड़ा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भावनाथ पाण्डे, जिला विकास अधिकारी, पीडी, अधिशासी अभियंता विद्युत एवं पीडब्ल्यूडी, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)