वरिष्ठ पत्रकार और द टेलीग्राफ के रोविंग एडिटर संकर्षण ठाकुर का 63 वर्ष की उम्र में निधन
पटना (आरएनआई)। देश के वरिष्ठ पत्रकार और द टेलीग्राफ के रोविंग एडिटर संकर्षण ठाकुर का 63 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। संकर्षण ठाकुर की गिनती भारत के उन चुनिंदा पत्रकारों में होती थी, जिन्होंने राजनीति, समाज और संघर्षों की गहराई से पड़ताल की और उन्हें धारदार लेखनी में दर्ज किया।
1962 में पटना में जन्मे ठाकुर ने प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स, पटना और दिल्ली से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने 1984 में संडे पत्रिका से की। इसके बाद उन्होंने द टेलीग्राफ और इंडियन एक्सप्रेस में एसोसिएट एडिटर की जिम्मेदारी निभाई।
2009 में उन्होंने तहलका में कार्यकारी संपादक के तौर पर काम करने के बाद द टेलीग्राफ में अपनी दूसरी पारी शुरू की और वर्तमान तक रोविंग एडिटर के रूप में जुड़े रहे।
संकर्षण ठाकुर ने कश्मीर, बिहार और उपमहाद्वीप के सामाजिक-राजनीतिक संघर्षों पर गहन रिपोर्टिंग की। वे सबाल्टर्न साहेब (लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक जीवनी) और द ब्रदर्स बिहारी (लालू यादव व नीतीश कुमार पर आधारित राजनीतिक वृत्तांत) जैसी चर्चित पुस्तकों के लेखक थे। इसके अलावा उन्होंने कारगिल युद्ध, पाकिस्तान और उत्तर प्रदेश की ऑनर किलिंग्स जैसे गंभीर विषयों पर भी अध्ययन और मोनोग्राफ प्रकाशित किए।
उनके निधन पर पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र नाथ मिश्रा ने लिखा, “देश ने एक शानदार पत्रकार, व्यक्ति और बिहारी को खो दिया।” वहीं पत्रकार भाषा सिंह ने कहा, “सिर्फ 63 साल की उम्र में संकर्षण ठाकुर का जाना पत्रकारिता की बड़ी क्षति है। उनका तीखा राजनीतिक विश्लेषण और पंच हमेशा याद आएगा।”
संकर्षण ठाकुर का निधन भारतीय पत्रकारिता के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



