लाल किले के पास भीषण धमाका: आठ की मौत, 40 घायल, दिल्ली में हाई अलर्ट जारी
नई दिल्ली (आरएनआई) सोमवार देर शाम राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास एक जोरदार धमाके से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यह विस्फोट करीब शाम सात बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों और घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक टूट गए।
विस्फोट के तुरंत बाद कार में आग लग गई, जो आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों तक फैल गई। घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धमाके की सूचना मिलते ही दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीमें भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और तलाशी अभियान चला रहे हैं।
घटना के बाद दिल्ली-एनसीआर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्रालय से धमाके की पूरी जानकारी ली है, वहीं दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने भी मंत्रालय को घटनाक्रम की रिपोर्ट भेजी है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने धमाके पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार को तुरंत जांच करनी चाहिए कि धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई साजिश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजधानी की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस घटना के बाद लाल किला और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के साथ सहयोग करें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



