दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश से बदला मौसम, तापमान में 14 डिग्री तक गिरावट; गर्मी से मिली राहत

Wednesday, June 24, 2026 - 12:38
0
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश से बदला मौसम, तापमान में 14 डिग्री तक गिरावट; गर्मी से मिली राहत

नई दिल्ली। (आरएनआई) दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर बाद आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। अचानक बदले मौसम के चलते राजधानी के विभिन्न इलाकों में तापमान 4 से 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के लगातार आगे बढ़ने और मौसमी गतिविधियों के सक्रिय होने के कारण दिल्ली-एनसीआर में यह बदलाव देखने को मिला। मंगलवार को दिनभर तेज धूप और उमस के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और धूल भरी तेज आंधी चलने लगी।

कई क्षेत्रों में आंधी की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक दर्ज की गई। इसके बाद राजधानी के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई, जो कई जगहों पर एक घंटे से अधिक समय तक जारी रही। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए तीन घंटे के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया था।

बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली के मौसम मानक केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से घटकर 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, यानी करीब 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

सबसे अधिक असर आयानगर क्षेत्र में देखा गया, जहां तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 25.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यहां कुल 14.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा जाफरपुर में 11.6 डिग्री, पालम में 10 डिग्री, नजफगढ़ में 8.2 डिग्री, पूसा में 7.6 डिग्री और मयूर विहार में लगभग 4 डिग्री तापमान कम हुआ।

मौसम विभाग का अनुमान है कि सप्ताह के अंत तक दिल्ली-एनसीआर में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा और लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी। वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की प्रगति के साथ आने वाले दिनों में मौसम और अधिक सुहावना हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User