लाल किले के पास कार बम धमाका: एनआईए ने श्रीनगर से जसिर बिलाल वानी को किया गिरफ्तार, रॉकेट बनाने की भी कोशिश की थी

Nov 17, 2025 - 21:19
 0  54
लाल किले के पास कार बम धमाका: एनआईए ने श्रीनगर से जसिर बिलाल वानी को किया गिरफ्तार, रॉकेट बनाने की भी कोशिश की थी

जम्मू (आरएनआई)। दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार बम धमाके की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने श्रीनगर से जसिर बिलाल वानी उर्फ़ दानिश को गिरफ्तार किया है, जिसे इस आतंकी साजिश का अहम सहयोगी माना जा रहा है। जांच में सामने आए इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वानी की भूमिका स्पष्ट होने के बाद एनआईए ने उसे हिरासत में लिया।

एनआईए की कई टीमें पिछले कई दिनों से कश्मीर में छापेमारी कर रही थीं। पूछताछ और डिजिटल विश्लेषण के दौरान यह सामने आया कि दानिश न सिर्फ़ आत्मघाती हमलावर के नेटवर्क का हिस्सा था, बल्कि उसने कार बम हमले से पहले रॉकेट बनाने की भी कोशिश की थी। एजेंसी के अनुसार, वह आतंकियों को तकनीकी सहायता प्रदान कर रहा था और हमले की योजना को अंजाम तक पहुंचाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।

इस मामले में पहले एनआईए ने आत्मघाती हमलावर के सहयोगी आमिर रशीद अली को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। विस्फोट में इस्तेमाल की गई कार आमिर के नाम पर पंजीकृत थी, जिसके बाद एजेंसी उसका नेटवर्क खंगालने में लगी थी। अब जसिर वानी की गिरफ्तारी के बाद साजिश का दायरा और विस्तार सामने आया है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि अनंतनाग के काजीगुंड निवासी जसिर वानी ने आतंकी उमर उन नबी (डॉ. उमर) के साथ मिलकर हमले की योजना तैयार की थी। दोनों मिलकर इस हमले को बड़े पैमाने पर अंजाम देना चाहते थे। एनआईए इस आतंकी साजिश के हर पहलू की जांच कर रही है और कई राज्यों में छापेमारी जारी है ताकि नेटवर्क से जुड़े हर सदस्य की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.