लंदन में भारतीय सांसदों ने आंबेडकर को किया नमन; सुले बोलीं- सभी देश भारत के साथ खड़े हैं

Jun 2, 2025 - 15:32
 0  162
लंदन में भारतीय सांसदों ने आंबेडकर को किया नमन; सुले बोलीं- सभी देश भारत के साथ खड़े हैं

नई दिल्ली (आरएनआई) भारत के सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर रहे हैं। अलग-अलग दलों में शामिल 51 सांसदों के अलावा कई राजनयिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और नौकरशाह 'टीम इंडिया' की तरह पाकिस्तानी दुष्प्रचार को धराशायी करने में जुटे हैं। इन शिष्टमंडलों में शामिल सभी लोग दहशतगर्दों के पनाहगाह पाकिस्तान और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों को अलग-अलग मंचों पर बेनकाब कर रहे हैं। भाजपा सांसद बैजयंत पांडा नीत शिष्टमंडल अल्जीरिया में है। रविशंकर प्रसाद नीत दल डेनमार्क से ब्रिटेन रवाना हुआ है। सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गया दल इथियोपिया पहुंचा है। फ्रांस-इटली जैसे देशों में भी भारत का रूख बताया जा चुका है।अन्य भारतीय प्रतिनिधिमंडलों में शामिल लोग सिएरा लियोन, पनामा, ग्रीस, बहरीन, कतर, रूस, जापान और यूएई जैसे देशों का दौरा कर चुके हैं। वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की कूटनीतिक मुहिम जारी है। 

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में ग्रुप 4 के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने मोनरोविया में लाइबेरिया के राष्ट्रीय पुस्तकालय का दौरा किया, जहां लाइबेरियाई सरकार ने उन्हें देश के इतिहास और संस्कृति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

अल्जीरिया में मौजूद भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'अल्जीरिया के साथ हमारे संबंध बहुत पुराने हैं...भारत ने नेशनल लिबरेशन फ्रंट (एफएलएन) का समर्थन किया था...फ्रांस ने उस समय हमें धमकी दी थी। तब भारत सरकार और विपक्ष ने अल्जीरिया के स्वतंत्रता संग्राम का समर्थन करने का फैसला किया। अल्जीरिया इसे स्वीकार करता है।'

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने लंदन के आंबेडकर संग्रहालय में डॉ. भीम राव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'आज हमें यहां आकर बहुत संतोष मिल रहा है। डॉ. आंबेडकर लंदन में यहां दो साल रहे थे। यह मकान भारत सरकार ने खरीदा और भारत का हाई कमीशन इसका रख-रखाव करता है... वे एक महान भारतीय थे...मैं डॉ. आंबेडकर को हृदय से प्रणाम करता हूं। वे भारत के महान सुधारक थे।'

एआईएडीएमके सांसद एम. थंबीदुरई ने कहा, 'यहां आना एक शानदार अवसर है। डॉ. बीआर आंबेडकर के ज्ञान और शिक्षा ने भारत को संविधान बनाने और दबे-कुचले लोगों के उत्थान में मदद की... भारत डॉ. बीआर आंबेडकर की तरफ से बनाए गए संविधान के आधार पर सरकार चला रहा है'।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने कहा, 'डॉ. आंबेडकर की नई सामाजिक व्यवस्था और हर व्यक्ति के लिए सम्मान की दृष्टि... यह 20वीं सदी की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक थी। आज, हम खुद को विनम्र और गौरवान्वित महसूस करते हैं कि हम उस घर के परिसर में हैं, जहां उनकी उपलब्धियों की कल्पना की गई थी, उसके बाद उन्हें व्यवहार में लाया गया... वे आधुनिक भारत के महान लोगों में से एक हैं। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए हम कम से कम इतना तो कर ही सकते हैं कि उन्हें हर दिन याद करें'।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.