यूपी में फेक IAS की हैरान कर देने वाली कहानी: करोड़ों की ठगी, भौकाल पर लाखों खर्च, शादीशुदा होते हुए भी 4 गर्लफ्रेंड—जिनमें 3 प्रेग्नेंट
गोरखपुर (आरएनआई) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस ने एक फर्जी IAS अधिकारी गौरव कुमार सिंह उर्फ ललित किशोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी प्लॉट से कम नहीं है। सरकारी टेंडर और नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी, IAS जैसी जिंदगी जीने के लिए महीने के लाखों रुपए खर्च, चार राज्यों में फैला नेटवर्क और शादीशुदा होने के बावजूद चार गर्लफ्रेंड—जिनमें से तीन गर्भवती होने की बात सामने आई है। एक गलती ने उसके इस पूरे जाल को उजागर कर दिया।
बिहार के सीतामढ़ी जिले के मेहसौल का रहने वाला गौरव पढ़ने में तेज था और उसने 2019 में मैथ्स में एमएससी की पढ़ाई पूरी की थी। उसका सपना शिक्षा विभाग में अधिकारी बनने का था। उसने करीब तीन साल सिविल सर्विस की तैयारी भी की। बाद में सीतामढ़ी में ‘आदित्य सुपर 50’ नाम से कोचिंग खोली और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने लगा।
इसी दौरान उसने पहली बार धोखाधड़ी की। 2022 में एक छात्र से नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपए ले लिए, लेकिन वादा पूरा नहीं कर पाया। मामला बढ़ने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और वह जेल गया। जमानत पर बाहर आने के बाद वह करीब एक साल तक अंडरग्राउंड रहा। इसी दौरान उसने एक लड़की से शादी कर ली।
जिम्मेदारियां बढ़ीं तो उसने ठगी को आसान रास्ता मान लिया। उसने अपने साले अभिषेक, जो सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका था, को भी इस काम में शामिल कर लिया। दोनों ने मिलकर फर्जी IAS पहचान बनाई—फेक आईडी, नेमप्लेट, दस्तावेज और पूरा प्रोटोकॉल तैयार किया ताकि लोग आसानी से भरोसा करें।
गौरव IAS की तरह गाड़ियों का काफिला चलाता, बॉडीगार्ड रखता और लोगों के बीच रुतबा जमाने के लिए महीने के लाखों रुपए खर्च करता था। सरकारी काम और टेंडर दिलाने का झांसा देकर उसने अलग-अलग राज्यों में करोड़ों रुपए की ठगी की।
शादीशुदा होने के बावजूद उसने चार गर्लफ्रेंड बनाई, जिनमें से तीन के प्रेग्नेंट होने की बात जांच में सामने आई है।
पुलिस पूछताछ में गौरव ने अपना पूरा फर्जी साम्राज्य कबूल किया है। जांच में यह साफ हुआ कि IAS बनने का उसका सपना पूरा न हो सका, लेकिन फर्जी पहचान बनाकर उसने ऐसा जाल बुना कि कई साल तक लोग उसके झांसे में आते रहे।
आखिरकार एक गलती ने उसके पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया और अब वह पुलिस हिरासत में है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



