यूपी भाजपा को मिला नया अध्यक्ष: पंकज चौधरी के नाम पर मुहर, विनोद तावड़े और पीयूष गोयल ने की घोषणा

Dec 14, 2025 - 15:17
 0  270
यूपी भाजपा को मिला नया अध्यक्ष: पंकज चौधरी के नाम पर मुहर, विनोद तावड़े और पीयूष गोयल ने की घोषणा

लखनऊ (आरएनआई) उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। पंकज चौधरी को औपचारिक रूप से यूपी भाजपा का अध्यक्ष घोषित किया गया। रविवार को लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय परिसर के सभागार में केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने उनके नाम का ऐलान किया। चूंकि अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी का ही एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ था, इसलिए शनिवार को ही उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया था।

प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय प्रभारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने संयुक्त रूप से की। जैसे ही पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के नाम की घोषणा की, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पार्टी का झंडा नव निर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ ही राष्ट्रीय परिषद के 120 नव निर्वाचित सदस्यों की भी घोषणा की गई।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि यह भाजपा संगठन की मजबूती का प्रमाण है कि पार्टी आज इस ऊंचाई पर पहुंची है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में संगठन और अधिक सशक्त होगा।

पंकज चौधरी प्रदेश भाजपा के 17वें अध्यक्ष बने हैं और वे कुर्मी बिरादरी से आने वाले चौथे प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्रदेव सिंह इस समुदाय से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। शुरुआत में पंकज चौधरी का नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में सामने आया तो कुछ राजनीतिक हलकों में इसे इस आधार पर खारिज किया जा रहा था कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष एक ही क्षेत्र से नहीं हो सकते। हालांकि शुक्रवार से उनके नाम की चर्चा तेज हुई और अंततः वे निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए।

भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के इतिहास में यह भी उल्लेखनीय है कि लक्ष्मीकांत बाजपेयी के चुनाव के बाद यह पहला अवसर है, जब प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। पंकज चौधरी के अध्यक्ष बनने के साथ ही उत्तर प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.