मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत मुजफ्फरपुर को बड़ी सौगात
मुजफ्फरपुर (आरएनआई) मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए मुजफ्फरपुर जिले को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में कुल 11 योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है, जिनकी कुल अनुमानित लागत ₹2,03,70,300 (दो करोड़ तीन लाख सत्तर हजार तीन सौ रुपये) है। इन योजनाओं के तहत विभिन्न वार्डों में सड़क एवं नाला निर्माण कार्य कराए जाएंगे, जिससे शहरी नागरिकों को बेहतर आवागमन, जल निकासी और स्वच्छ वातावरण की सुविधा मिलेगी।
विदित हो कि इन योजनाओं का अनुमोदन जिला संचालन समिति की बैठक में प्राथमिकता सूची के आधार पर किया गया था। समिति से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद योजनाओं का तकनीकी अनुमोदन कराया गया तथा तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा विहित प्रक्रिया के अनुरूप प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। प्रत्येक योजना के लिए कार्य की पूर्णता की अवधि छह माह निर्धारित की गई है, ताकि कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हो और आम नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी स्वीकृत योजनाओं के कार्यान्वयन की जिम्मेदारी परियोजना निदेशक, बुडको (बिहार अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) मुजफ्फरपुर को सौंपी गई है। बुडको द्वारा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी योजनाओं को पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत जिन 11 योजनाओं को स्वीकृति दी गई है, वे नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में फैली हुई हैं और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चयनित की गई हैं।
पहली योजना वार्ड संख्या 47 के शास्त्री नगर क्षेत्र से संबंधित है। यहां चित्रगुप्त लेन में सीओ श्री संजय वर्मा के घर से श्रीमती इंदु वर्मा के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य के लिए ₹17,35,000 की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। यह कार्य छह माह की अवधि में पूर्ण किया जाएगा।
दूसरी योजना वार्ड संख्या 48 के कन्हौली विशुनदत्त कुर्मी टोला क्षेत्र में रामकृष्ण मिशन के पीछे संजीव कुमार के घर से उमेश भारती के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण से जुड़ी है। इस योजना की लागत ₹7,95,100 निर्धारित की गई है, जिसे छह माह के भीतर पूरा किया जाना है।
तीसरी योजना भी वार्ड संख्या 48 में स्थित शक्तिनगर लेन नंबर दो, कन्हौली विशुनदत्त क्षेत्र की है। यहां विनोद महासेठ के घर से रामचंद्र मलिक के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही जलजमाव और खराब सड़क की समस्या से राहत मिलेगी।
चौथी योजना वार्ड संख्या 30 के अघोरिया बाजार क्षेत्र में प्रस्तावित है। मामा जी ड्राई क्लीनर गली में स्वर्गीय मथुरा प्रसाद सिंह के घर से विनय भूषण शर्मा के घर होते हुए अरविंद जी के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण किया जाएगा। यह क्षेत्र व्यावसायिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, जहां बेहतर सड़क और नाला निर्माण से आम जनता के साथ-साथ दुकानदारों को भी सुविधा मिलेगी।
पांचवीं योजना वार्ड संख्या 49 के शक्तिनगर लेन नंबर चार में रामानंद यादव के मकान से प्रभात कुमार के मकान तक सड़क एवं नाला निर्माण से संबंधित है। इस क्षेत्र में बरसात के मौसम में जल निकासी की समस्या आम रही है, जिसे इस योजना से काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
छठी योजना वार्ड संख्या 39 के साहु रोड क्षेत्र में प्रस्तावित है। सहाय सदन वाली गली से जीवन ठाकुर के घर एवं डब्लू नवल किशोर पांडे के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण कराया जाएगा। इससे घनी आबादी वाले इस इलाके में आवागमन सुगम होगा.
सातवीं योजना वार्ड संख्या 47 के खादी भंडार चौक क्षेत्र में है। गांधीनगर के सामने से होते हुए सी. के. दास के क्लीनिक तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर यातायात और पैदल चलने वालों को सुविधा मिलेगी.
आठवीं योजना वार्ड संख्या 47 में ही मीठनपुरा थाना के सामने से मैथिली परिषद से होते हुए शिवजी पासवान के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण से संबंधित है। यह मार्ग सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है.
नौवीं योजना वार्ड संख्या 47 के शास्त्रीनगर विद्यापति क्षेत्र में विनोद कांति के घर से होते हुए जयप्रकाश पथ रोड नंबर 11 में विनय प्रसाद के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण की है, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधा मिलेगी.
दसवीं योजना वार्ड संख्या 49 के मिठनपुरा लाल पासवान टोला क्षेत्र में रामेश्वर राम के घर से रामचंद्र पासवान के घर तक सड़क एवं नाला निर्माण से संबंधित है। यह क्षेत्र सामाजिक रूप से पिछड़ा माना जाता है, जहां इस योजना से जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है.
ग्यारहवीं योजना वार्ड संख्या 49 के कन्हौली राजपूत टोला में मुख्य सड़क से विनोद सिंह के घर से भूषण सिंह के मकान तक सड़क एवं नाला निर्माण की है। इससे इस टोला के लोगों को मुख्य सड़क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
जिलाधिकारी ने सभी स्वीकृत योजनाओं के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिया है कि कार्यों का निष्पादन पूरी जवाबदेही, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं जनहित से जुड़ी हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य सरकारी दिशा-निर्देशों, तकनीकी मानकों और संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए, ताकि निर्माण के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत इन 11 योजनाओं को मिली प्रशासनिक स्वीकृति से मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। सड़क एवं नाला निर्माण से जहां एक ओर जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आवागमन सुगम होगा और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। यह पहल मुख्यमंत्री के शहरी विकास के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



