मुंबई में लोकल ट्रेन से गिरकर 8 यात्रियों की मौत, गेट पर लटकने और धक्कामुक्की से पटरी पर गिरे लोग
महाराष्ट्र के ठाणे में लोकल ट्रेन में बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे में लोकल ट्रेन से गिरकर आठ यात्रियों की मौत हो गई है। फिलहाल रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची है। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे से मुंबई में लोकल ट्रेन की सेवाओं पर भी असर पड़ा है।

मुंबई (आरएनआई) महाराष्ट्र के ठाणे में लोकल ट्रेन में बड़ा हादसा हुआ है। मुंबई की धड़कन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से गिरकर आठ यात्रियों की मौत हो गई है। वहीं एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। ये हादसा आज सुबह नौ बजे दीवा और मुंब्रा स्टेशन के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेन में क्षमता से ज्यादा भीड़ थी, इसलिए ये हादसा हुआ। ट्रेन खचाचच भरी थी। ट्रेन में पैर रखने की जगह नहीं थी।
यात्री दरवाजे पर लटककर सफर कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची है। सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने कहा, “कसारा जाने वाली लोकल ट्रेन के गार्ड द्वारा दी गई पहली सूचना यह थी कि डाउन-थ्रू ट्रैक पर छह यात्री पड़े हैं, लेकिन जब एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, तो हमें पता चला कि आठ यात्री थे।
इस हादसे से मुंबई में लोकल ट्रेन की सेवाओं पर भी असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि कसारा जा रही लोकल और पुष्पक एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। इस एक्सप्रेस से कुछ और यात्री भी गिर गए हैं। ऐसा कहा जा रहा है। वहीं इस हादसे को लेकर शिवसेना शिंदे गुट के सांसद नरेश म्हास्के ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि यह घटना कैसे हुई और इसका कारण क्या था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। सरकार हमेशा ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की कोशिश करती है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सरकार की है।
इस हादसे को लेकर बीजेपी विधायक संजय केलकर ने कहा, “यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है। यह जांच जरूरी है कि आखिर ये यात्री कैसे गिरे। क्या ट्रेन के डिब्बे में ज्यादा भीड़ थी। फिलहाल यात्रियों को सुरक्षा, सुविधा और सेवाएं देने का काम प्रशासन और रेल मंत्रालय पूरी ताकत से कर रहा है। अगर कोई प्रशासनिक त्रुटि है, तो उसे सुधारा जाना चाहिए और उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।”
मनसे और बीजेपी ने मांग की है कि मुंबई लोकल ट्रेन एक्सिडेंट की इन्क्वॉयरी होनी चाहिए। वहीं हादसे में यात्रियों की मृत्यु के बाद रेलवे ने दो बड़े फैसले लिए हैं। अब अब ऑटोमैटिक दरवाजे वाली लोकल ट्रेन चलाई जाएगी। और पुरानी लोकल ट्रेन में भी ऑटोमैटिक दरवाजे लगाए जाएंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp।com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






