मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ एमवीए का 'सत्यचा मोर्चा', चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
मुंबई (आरएनआई) — महाराष्ट्र में आगामी निकाय चुनावों से पहले मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (एमवीए) ने शनिवार को मुंबई में ‘सत्यचा मोर्चा’ निकाला, जिसमें कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) शामिल हुईं।
मोर्चा दक्षिण मुंबई के फैशन स्ट्रीट से शुरू होकर बीएमसी मुख्यालय पर संपन्न हुआ। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, शरद पवार, राज ठाकरे और कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में बड़ी संख्या में फर्जी नाम जोड़े गए हैं और वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिससे चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल उठता है।
एमवीए नेताओं ने चुनाव आयोग पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि “जब तक मतदाता सूची की त्रुटियों को सुधारा नहीं जाता, तब तक स्थानीय निकाय चुनाव कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ अन्याय होगा।”
मोर्चे के दौरान मनसे प्रमुख राज ठाकरे अपने समर्थकों और सहयोगी बाला नंदगांवकर के साथ दादर स्टेशन से लोकल ट्रेन में सवार होकर चर्चगेट पहुंचे। राज ठाकरे ने पहले ही अपने कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन में पब्लिक ट्रांसपोर्ट से शामिल होने की अपील की थी।
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी एमवीए के विरोध के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने गिरगांव इलाके में अपने मुंह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और विपक्ष पर “झूठा नैरेटिव फैलाने” का आरोप लगाया।
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा, “एमवीए बार-बार चुनाव से पहले जनता को गुमराह करने की कोशिश करता है। अब वे मतदाता सूची के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं। पहले भी उन्होंने 2024 लोकसभा चुनावों के दौरान संविधान में बदलाव के झूठे दावे किए थे।”
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, निकाय चुनावों से पहले यह टकराव महाराष्ट्र की सियासत को नया आयाम दे सकता है, खासतौर पर मुंबई महानगरपालिका चुनावों के संदर्भ में, जो राज्य के सबसे अहम माने जाते हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



