हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन से प्रदेश की 343 सड़कें बंद, 551 बिजली ट्रांसफार्मर ठप; अभी कई दिन बरसेंगे बादल

राज्य में बुधवार सुबह 10:00 बजे तक भूस्खलन से 343 सड़कें ठप रहीं। 551 बिजली ट्रांसफार्मर व 186 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। 

Jul 30, 2025 - 14:33
 0  81
हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन से प्रदेश की 343 सड़कें बंद, 551 बिजली ट्रांसफार्मर ठप; अभी कई दिन बरसेंगे बादल

शिमला (आरएनआई) ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश लगातार जारी है। इससे लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के तहत कामला में भूस्खलन से बोलेरो गाड़ी सड़क के बीचोंबीच फंस गई। गाड़ी में सवार लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत मंगली के भोड़ास गांव में पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में कुछ मकान आए हैं।  चुराह उपमंडल का तरेला-बौदेड़ी-मंगली जुनास घारे के समीप बंद हो गया। चुराह उपमंडल का शिकारी मोड़-गनेड़-बिहाली मार्ग गनेड़ नाला में बंद होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। कांगड़ा जिले में भी भारी बारिश से कई सड़कें ठप हो गई हैं। शिमला में भी माैसम खराब बना हुआ है। 

राज्य में बुधवार सुबह 10:00 बजे तक भूस्खलन से 343 सड़कें ठप रहीं। 551 बिजली ट्रांसफार्मर व 186 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 217 सड़कें व 155 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हैं। चंबा जिले में 279 व कुल्लू जिले में 111 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हैं।  माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज चंबा, कांगड़ा व मंडी जिले के कई भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 31 जुलाई से 5 अगस्त तक के लिए कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार 30-31 जुलाई, 4 और 5 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 1 से 3 अगस्त  तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 29 जुलाई तक 170 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 278 लोग घायल हुए हैं। 36 लोग अभी भी लापता हैं। इस दाैरान 76 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई है।  बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 1,646 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 1,187 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,402 पालतु पशुओं की माैत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 1,53,838.54 लाख रुपये पहुंच गया है।

सोमवार रात से जारी मूसलाधार बारिश के चलते बुधवार सुबह करीब 4:00 बजे 9 मील और कैंची मोड़ के पास चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर फिर भूस्खलन हुआ। इससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। जानकारी देते हुए पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि तेज बारिश के चलते रात में मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया। सुबह 6:00 बजे के करीब संबंधित कंपनी की मशीनरी मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू हुआ। लगभग 8:00 बजे तक मार्ग को एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया। पुलिस की निगरानी में फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित निकाला गया।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.