बीमा क्लेम के लिए रची गई 'पुतले की मौत' की साजिश का सनसनीखेज खुलासा, अंतिम संस्कार के दौरान पकड़ी गई डमी

Nov 27, 2025 - 19:30
 0  0
बीमा क्लेम के लिए रची गई 'पुतले की मौत' की साजिश का सनसनीखेज खुलासा, अंतिम संस्कार के दौरान पकड़ी गई डमी

हापुड़ (आरएनआई)। ब्रजघाट के मुख्य श्मशान घाट पर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अंतिम संस्कार के लिए लाए गए तथाकथित शव की कपड़े हटाकर जांच की गई। अंदर इंसान की लाश नहीं, बल्कि प्लास्टिक, कपड़े और रेत से बना एक डमी निकला। इस चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

स्थानीय पंडों और मौजूद लोगों ने मामले को संदिग्ध मानते हुए अंतिम संस्कार के लिए आए दो व्यक्तियों की कार की तलाशी ली, जिसमें से दो और डमी बरामद हुईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दिल्ली के पालम क्षेत्र, कैलाश कॉलोनी निवासी कमल कुमार सोमानी तथा उसके दोस्त उत्तम नगर जैन कॉलोनी के आशीष खुराना को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि कमल कुमार सोमानी करोल बाग में कपड़े की दुकान चलाता है, जो पिछले लंबे समय से घाटे में थी। बढ़ते कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान कमल ने करीब 50 लाख रुपये की बीमा राशि पाने के लिए यह हैरान करने वाली साजिश रची। उसने अपनी दुकान पर काम करने वाले ओडिशा निवासी अंशुल कुमार के आधार, पैन और अन्य दस्तावेज धोखे से हासिल कर लिए और उसके नाम पर टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस में 50 लाख की पॉलिसी ले ली। प्रीमियम भी वह खुद भरता रहा ताकि पॉलिसी सक्रिय बनी रहे।

योजना के तहत पहले साथियों को बताया गया कि अंशुल बीमार है और फिर उसे दिल्ली के अंसारी अस्पताल में भर्ती दिखाया गया। 26 नवंबर की रात यह अफवाह फैलाई गई कि अंशुल की अस्पताल में मौत हो गई है और सीलबंद ताबूत उन्हें सौंप दिया गया है। जबकि हकीकत यह थी कि कमल और आशीष ने मनुष्य आकार का डमी खरीदकर उसे सफेद कपड़े में लपेटकर शव जैसा बनाया था।

दोनों गुरुवार दोपहर डमी को कार में रखकर ब्रजघाट पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की। जैसे ही पंडितों ने अंतिम स्नान के लिए कपड़े हटाए, 'शव' की जगह डमी देखकर पूरा मामला उजागर हो गया। कार की डिग्गी से दो और डमी मिलने पर पुलिस को साजिश की गंभीरता समझ आ गई।

पुलिस ने कमल के फोन से अंशुल को वीडियो कॉल की। कॉल पर अंशुल पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दिया। उसने बताया कि वह 15 दिन पहले छुट्टी लेकर प्रयागराज स्थित अपने गांव आया था और उसे पता ही नहीं कि उसके नाम का किस तरह दुरुपयोग किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.